बांग्लादेश में विदेश राज्य मंत्री के घर पेट्रोल बम से हमला, एक दिन पहले यूनुस के आवास में भी हुई थी आगजनी

बांग्लादेश में विदेश राज्य मंत्री के घर पेट्रोल बम से हमला, एक दिन पहले यूनुस के आवास में भी हुई थी आगजनी

प्रेषित समय :18:15:45 PM / Fri, Nov 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ढाका. बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा का दौर जारी है. शुक्रवार को विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के आवास पर पेट्रोल बम फेंककर आग लगा दी गई. घटना के समय मंत्री घर पर मौजूद नहीं थे. हमले के बाद उनके आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. देश में लगातार हो रही आगजनी और हिंसक घटनाओं के बीच राजनीतिक तनाव और गहरा गया है.

हुमायूं कबीर ने इस हमले के लिए पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे आतंकवादी संगठन बताया और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

कबीर ने शेख हसीना की वापसी को लेकर भी टिप्पणी की. उनका कहना था कि हिंसा के जरिए किसी भगोड़े को दिल्ली से कमर्शियल फ्लाइट में बैठाकर बांग्लादेश नहीं लाया जा सकता. इसके लिए प्रत्यर्पण संधि के तहत कानूनी प्रक्रिया अपनानी होगी.

एक दिन पहले मोहम्मद यूनुस के घर में भी लगाई थी आग

विदेश राज्य मंत्री के आवास पर हमला ऐसे समय हुआ है, जब बांग्लादेश के कई हिस्सों में हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं. शेख हसीना की वापसी को लेकर चर्चाओं और अवामी लीग के कथित लॉकडाउन आह्वान के बीच हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं.

गुरुवार को प्रदर्शनकारियों ने अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के आवास को भी आग के हवाले कर दिया था. लगातार हो रही घटनाओं ने देश की कानून-व्यवस्था और राजनीतिक स्थिरता को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

पीएम तारिक रहमान ने अवामी लीग पर लगाया साजिश का आरोप

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने गुरुवार को एक रैली के दौरान अवामी लीग पर देश में हिंसा फैलाने और साजिश रचने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 16 साल तक सत्ता में रहने के बाद देश छोड़कर गए लोग अब विदेश से बांग्लादेश के खिलाफ गतिविधियां चला रहे हैं.

रहमान के मुताबिक, दूसरे देश में जाकर अपने समर्थकों और कथित आकाओं को खुश करने के लिए बांग्लादेश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश छोड़ने के बाद भी आगजनी और लोगों की हत्या जैसी गतिविधियों की राजनीति बंद नहीं हुई है.

शेख हसीना अगस्त 2024 से भारत में रह रही हैं

प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अपने भाषण में किसी देश का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को भारत की ओर संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

गौरतलब है कि शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बीच सत्ता से हटने के बाद बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं. तब से वह भारत में रह रही हैं. उनकी वापसी को लेकर बांग्लादेश में राजनीतिक बयानबाजी जारी है और मौजूदा हिंसक घटनाओं ने दोनों देशों के बीच कूटनीतिक माहौल को भी संवेदनशील बना दिया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-