पटना. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार में गंगा नदी पर बने ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया. करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 19.7 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है. इसके शुरू होने से दोनों जिलों के बीच आवागमन और संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
9.7 किमी लंबा है मुख्य पुल
‘नीतीश सेतु’ गंगा नदी पर बना एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टेयड पुल है. पूरी परियोजना की लंबाई 19.7 किलोमीटर है, जिसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की एप्रोच सड़कें शामिल हैं. यह पुल पटना जिले में एनएच-22 के कच्ची दरगाह और वैशाली जिले में एनएच-322 के बिदुपुर को जोड़ता है.
वैशाली में पीएम मोदी ने किया रोड शो
पुल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में रोड शो में भी हिस्सा लिया. इस दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) भी शामिल हुए.
पिता के नाम पर सेतु बनने पर निशांत कुमार ने जताया आभार
गंगा पर बने इस पुल का नाम बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है. इस पर मंत्री निशांत कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि उनके पिता के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ का नाम रखा जाना उनके लिए सम्मान की बात है. यह नीतीश कुमार की दूरदृष्टि, मार्गदर्शन और बिहार के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. उन्होंने इसे बिहार की सेवा में नीतीश कुमार के 20 वर्षों के योगदान के प्रति सम्मान भी बताया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

