मणिपुर में जहरीली शराब का कहर, 15 की मौत; 600 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती

मणिपुर में जहरीली शराब का कहर, 15 की मौत; 600 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती

प्रेषित समय :10:45:38 AM / Sat, Nov 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

इंफाल. मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 600 से ज्यादा लोग बीमार होने के बाद अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं. इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्रभावित लोगों में ज्यादातर चकपी करोंग और आसपास के इलाकों के निवासी हैं.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले दो से तीन दिनों में शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने के मामले सामने आए. हालांकि, शुरुआत में शराब के स्रोत को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी थी.

शराब में मेथनॉल मिलाने की आशंका, 10 गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, प्रभावित लोगों ने मणिपुर के काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदी गई शराब पी थी. जांच में शराब में जहरीला रसायन मेथनॉल मिलाए जाने की आशंका जताई गई है. मामले में अब तक करीब 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस का कहना है कि चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने की जानकारी नहीं मिली है. आशंका है कि दूसरे इलाके से शराब लाकर यहां बेची गई थी. पुलिस अब शराब की आपूर्ति करने वाले लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.

2026 में छह राज्यों में 120 से ज्यादा मौतें

जहरीली शराब का मामला इस साल कई राज्यों में सामने आ चुका है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 2026 में मध्यप्रदेश और गुजरात समेत छह राज्यों में जहरीली शराब पीने से 120 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-