बिहार में दर्दनाक हादसा : शादी से लौट रहे लोगों की स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, 4 की मौत, 6 घायल

बिहार में दर्दनाक हादसा : शादी से लौट रहे लोगों की स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, 4 की मौत, 6 घायल

प्रेषित समय :13:24:17 PM / Sun, Nov 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

पटना.  बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए. हादसा बख्तियारपुर के सबनीमा गांव के पास फोरलेन पर सुबह करीब 5 बजे हुआ. शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य घायल की बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.

जानकारी के अनुसार, सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर आई थी. शादी समारोह संपन्न होने के बाद कुछ लोग स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान जगन्नाथ पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया.

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान धीरज कुमार (26), पूनम कुमारी (27), बबली कुमारी (18) और रेणु कुमारी (20) के रूप में हुई है. पूनम दूल्हे की चचेरी बहन थी और सिकंदरा गांव की रहने वाली थी. उसकी मां ने बताया कि बेटी शादी समारोह में शामिल होने गई थी, लेकिन घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गई.

वहीं, धीरज कुमार की मां ने बताया कि उनका बेटा पेशेवर चालक नहीं था. वह पढ़ाई कर रहा था और हाल ही में उसने 30 हजार रुपये की किताबें मंगाई थीं. शादी समारोह में स्कॉर्पियो चलाने के लिए उसे साथ ले जाया गया था. धीरज परिवार का इकलौता बेटा था और बाढ़ के अकबरपुर गांव का रहने वाला था. बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) अंजनी कुमार ने बताया कि हादसा सुबह करीब 5 बजे सबनीमा गांव के पास जगन्नाथ पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ. स्कॉर्पियो में 10 से 12 लोग सवार थे. तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

हादसे में घायल छह लोगों में से कुछ की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है. अन्य घायलों का बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-