ढ़ाका. बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच हिंसा की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. नराइल जिले के बेंदारचर गांव में अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के करीब 30 घरों में आग लगा दी गई. कई मकानों और दुकानों में तोड़फोड़ व लूटपाट की भी खबर है. अलग-अलग जिलों में BNP और अवामी लीग समर्थकों के बीच हुई झड़पों के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. हालात पर नियंत्रण के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने सात जिलों में 95 प्लाटून तैनात किए हैं.
पूर्व सांसद और पार्टी नेताओं के घर भी निशाने पर
स्थानीय मीडिया 'प्रोथोम आलो' के मुताबिक, कालिया उपजिला के बेंदारचर गांव में शुक्रवार दोपहर शुरू हुई हिंसा आधी रात तक जारी रही. हमलावरों ने अवामी लीग नेताओं और कार्यकर्ताओं की संपत्तियों को निशाना बनाया. इनमें पूर्व सांसद बीएम कबीरुल हक मुक्ति, पूर्व मेयर मुशफिकुर रहमान लिटन और पार्टी महासचिव कृष्णपदा घोष के घर शामिल हैं.
अखबार के अनुसार, रात करीब आठ बजे दमकलकर्मियों को गांव में 20 से 30 मकान जलते मिले. स्थानीय लोगों ने BNP समर्थकों पर करीब 50 घरों और दुकानों में तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी का आरोप लगाया है. हालांकि, स्थानीय BNP नेताओं ने इन आरोपों को खारिज किया है. कालिया के कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद जिन्नतुल इस्लाम ने बताया कि पूर्व सांसद के घर सहित कई मकानों में तोड़फोड़ हुई और पांच-छह घरों में आग लगाई गई. मामले की जांच की जा रही है.
दो BNP नेताओं की हत्या के बाद बढ़ा तनाव
नराइल पुलिस के मुताबिक, पिछले सप्ताह मारे गए BNP के दो नेताओं के रिश्तेदार और समर्थक शुक्रवार को बेंदारचर गांव में जुटे थे. उन्होंने उन अवामी लीग नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों पर हमला किया, जिन पर हत्याओं में शामिल होने के आरोप हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और अतिरिक्त बल तैनात किया.
पुलिस अधीक्षक मोहम्मद अल मामून सिकदर ने 'प्रोथोम आलो' को बताया कि BNP समर्थकों ने तीन-चार घरों में तोड़फोड़ की. इससे पहले 18 नवंबर को BNP के मोटरसाइकिल जुलूस पर हमला हुआ था, जिसमें पार्टी से जुड़े दो नेताओं की हत्या कर दी गई थी.
पटुआखाली और पबना में भी हिंसक झड़पें
राजनीतिक हिंसा का असर दूसरे जिलों में भी दिखाई दिया. 'प्रोथोम आलो' के मुताबिक, पटुआखाली में गुरुवार रात से शुक्रवार शाम के बीच अवामी लीग के तीन पूर्व सांसदों के घरों पर हमले किए गए. वहीं, शनिवार को पबना जिले की बेरा नगर पालिका में BNP और अवामी लीग समर्थकों के बीच झड़प हुई. 'द डेली स्टार' के अनुसार, स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को रबर की गोलियां और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा.
सात जिलों में 95 प्लाटून तैनात
बढ़ती हिंसा के मद्देनजर BGB ने सात जिलों में 95 प्लाटून की तैनाती की है. गृह मंत्रालय के निर्देश पर ढाका, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मयमनसिंह, फरीदपुर और कॉक्स बाजार में सुरक्षा बढ़ाई गई है. इनमें गोपालगंज में तैनात दो बटालियन भी शामिल हैं.
बीडी24न्यूज के मुताबिक, संवेदनशील प्रतिष्ठानों और औद्योगिक क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है. BGB मुख्यालय से ड्रोन और बॉडी कैमरों के जरिए चौबीसों घंटे लाइव फुटेज की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.
शेख हसीना की वापसी का मुद्दा बना भारत-बांग्लादेश तनाव की वजह
बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की भारत से वापसी का मुद्दा दोनों देशों के संबंधों में तनाव की एक प्रमुख वजह बना हुआ है. इस महीने हसीना की नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र की मांग खारिज होने के बाद विवाद और बढ़ गया. उनके वकीलों ने दिसंबर में प्रस्तावित वापसी के लिए नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश मिशन से जरूरी दस्तावेज मांगे थे.
अगस्त 2024 से भारत में रह रही हैं हसीना
अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़कर बांग्लादेश से भारत आना पड़ा था. इसके बाद उनकी सरकार गिर गई और अंतरिम सरकार ने उनका पासपोर्ट तथा राष्ट्रीय पहचान पत्र रद्द कर दिया. तब से वह भारत में रह रही हैं.
हसीना की वापसी की मांग को लेकर अवामी लीग ने 19 नवंबर से देशव्यापी बंद सहित एक सप्ताह तक विरोध प्रदर्शन किए. इसके बाद राजनीतिक तनाव और हिंसा की घटनाओं ने बांग्लादेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

