भोपाल में वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो का निर्माण तेज, प्रथम चरण में 146 करोड़ रुपये से बनेंगी 6 अनुरक्षण लाइनें

भोपाल में वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो का निर्माण तेज, प्रथम चरण में 146 करोड़ रुपये से बनेंगी 6 अनुरक्षण लाइनें

प्रेषित समय :20:02:27 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में वंदे भारत ट्रेनों के अनुरक्षण एवं रखरखाव की सुविधाओं के विस्तार के लिए भोपाल कोच फैक्ट्री परिसर में अत्याधुनिक मेंटेनेंस डिपो का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है. रेलवे बोर्ड द्वारा 07 अक्टूबर 2025 को स्वीकृत इस परियोजना का निर्माण कार्य 13 जून 2026 से प्रारंभ हुआ है तथा इसे सितंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है.

प्रथम चरण में 146 करोड़ रुपये से बनेंगी 6 अनुरक्षण लाइनें

परियोजना के प्रथम चरण में लगभग 146 करोड़ रुपये की लागत से 6 नई अनुरक्षण लाइनें विकसित की जा रही हैं. इनके तैयार होने से वंदे भारत ट्रेनों का आवधिक निरीक्षण तथा मध्यम एवं दीर्घकालीन अनुरक्षण भोपाल में ही संभव हो सकेगा. वर्तमान में रानी कमलापति स्थित डिपो में इन ट्रेनों का केवल साप्ताहिक निरीक्षण किया जाता है.

LHB कोचों के अनुरक्षण की सुविधाओं का भी होगा विस्तार

परियोजना के अंतर्गत LHB रेकों के नियमित रखरखाव के लिए दो नई पिट लाइनों के निर्माण का भी प्रस्ताव है. इससे अनुरक्षण क्षमता में वृद्धि होगी तथा मौजूदा सुविधाओं पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी.

निर्माण कार्य प्रगतिरत

डिपो परिसर में वाशिंग पिट की मध्य दीवार एवं साइड फुटिंग की कास्टिंग, प्रशासनिक भवन का निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग बिल्डिंग की छत तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की दीवारों के निर्माण जैसे कार्य प्रगतिरत हैं.

इस परियोजना के पूर्ण होने से भोपाल में वंदे भारत एवं LHB रेकों के अनुरक्षण के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इससे रखरखाव क्षमता में वृद्धि के साथ रेल परिचालन की दक्षता एवं अनुरक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-