WCR में यात्री सुविधाओं का विस्तार, 3 नए स्टेशन शुरू, चुरहट, देवेंद्र नगर एवं फुलवारी स्टेशन खोले

WCR में यात्री सुविधाओं का विस्तार, 3 नए स्टेशन शुरू, चुरहट, देवेंद्र नगर एवं फुलवारी स्टेशन खोले

प्रेषित समय :20:09:59 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल द्वारा यात्री सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्रीय रेल संपर्क को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अक्टूबर माह के दौरान जबलपुर मंडल के अंतर्गत तीन नए रेलवे स्टेशन चुरहट, देवेंद्र नगर एवं फुलवारी को यात्री यातायात के लिए प्रारंभ किया गया है। इनमें रीवा–सिंगरौली रेलखंड पर चुरहट तथा सतना–पन्ना रेलखंड पर देवेंद्र नगर और फुलवारी स्टेशन शामिल हैं।

यात्री सुविधाओं एवं यातायात की दृष्टि से इन तीनों स्टेशनों को एनएसजी-6 श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है। इन स्टेशनों के शुरू होने से आसपास के गांवों एवं कस्बों के निवासियों को रेल परिवहन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे न केवल यात्रियों का आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।

इन तीन नए स्टेशनों के प्रारंभ होने के साथ ही पश्चिम मध्य रेल में यात्री यातायात के लिए संचालित स्टेशनों की कुल संख्या बढ़कर 313 हो गई है। इनमें जबलपुर मंडल के 119, भोपाल मंडल के 88 तथा कोटा मंडल के 106 स्टेशन शामिल हैं।

नए स्टेशनों के शुरू होने से स्थानीय नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार एवं रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी। इसके साथ ही क्षेत्र के पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों का आवागमन सुगम होगा, जिससे पर्यटन गतिविधियों के साथ होटल, परिवहन एवं स्थानीय व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा।

बेहतर रेल संपर्क से औद्योगिक क्षेत्रों और स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों, औद्योगिक विकास एवं निवेश की संभावनाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने और क्षेत्र की सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति को गति मिलने की उम्मीद है।

पश्चिम मध्य रेल द्वारा यात्री सुविधाओं में निरंतर वृद्धि, रेल नेटवर्क के विस्तार एवं क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। रेल प्रशासन का प्रयास है कि अधिकाधिक क्षेत्रों को रेल सुविधा से जोड़कर यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ पर्यटन, उद्योग, व्यापार एवं रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा दिया जा सके।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-