पश्चिम मध्य रेल में संरक्षा एवं अधोसंरचना कार्यों को मिली गति, इस माह 03 पुलों का पुनर्वास और 07 एलएचएस कार्य किए गए पूर्ण

पश्चिम मध्य रेल में संरक्षा एवं अधोसंरचना कार्यों को मिली गति, इस माह 03 पुलों का पुनर्वास और 07 एलएचएस कार्य किए गए पूर्ण

प्रेषित समय :20:07:34 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल द्वारा रेल संरक्षा एवं अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है. यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के साथ ही ट्रेनों का संरक्षित परिचालन बनाए रखने के उद्देश्य से रेल प्रशासन द्वारा पुलों के पुनर्वास तथा रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी)/सीमित ऊंचाई वाले सबवे (एलएचएस) के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

03 पुलों का पुनर्वास कार्य पूर्ण: इसी क्रम में चालू माह के दौरान कोटा मंडल के कोटा–रुठियाई रेलखंड में 02 तथा कोटा–चित्तौड़गढ़ रेलखंड में 01 पुल सहित कुल 03 पुलों का पुनर्वास कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया है. इसके साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 37 पुलों का पुनर्वास कार्य पूर्ण किया जा चुका है.

07 एलएचएस कार्यों को मिली सफलता: इसी प्रकार, इस माह जबलपुर मंडल के कटनी–सिंगरौली रेलखंड में 01 तथा भोपाल मंडल की रामगंजमंडी–भोपाल नई रेल लाइन परियोजना के ब्यावरा राजगढ़–सोनकच्छ रेलखंड में 06 एलएचएस कार्य पूर्ण किए गए हैं. इस प्रकार चालू वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 34 एलएचएस कार्यों को पूरा किया जा चुका है.

इन अधोसंरचना कार्यों के पूर्ण होने से रेल एवं सड़क यातायात का आवागमन अधिक सुगम होगा. साथ ही समपार फाटकों पर निर्भरता कम करने और रेल एवं सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने में भी मदद मिलेगी.

पश्चिम मध्य रेल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, रेल परिचालन की विश्वसनीयता और आधुनिक अधोसंरचना के विकास के लिए तीनों मंडलों में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं. रेल प्रशासन का प्रयास है कि संरक्षा एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को इसी प्रकार प्राथमिकता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-