पटना. मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अपनी बेटी शिवांगी सिंह की हल्दी रस्म के दौरान आगामी चुनाव को लेकर बड़ा संकेत दिया है. उन्होंने जेडीयू से बाहर होने के बाद अब किसी राजनीतिक दल के बजाय निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी की है. हल्दी समारोह में पहुंचे बीजेपी विधायक सुशील सिंह से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात कही.
जेडीयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया है. जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त करने के लिए पार्टी की ओर से प्रमाण सहित विधानसभा अध्यक्ष को पत्र दिया है. इसके बाद स्पीकर ने अनंत सिंह को नोटिस जारी किया है.
विधानसभा सदस्यता पर मंडराया खतरा
जेडीयू से निष्कासन के बाद अनंत सिंह की विधायकी पर भी संकट गहराता नजर आ रहा है. विधानसभा अध्यक्ष की ओर से जारी नोटिस का जवाब देने के लिए अनंत सिंह ने बेटी की शादी की तैयारियों और व्यस्तता का हवाला देते हुए अतिरिक्त समय मांगा था. इसके बाद उन्हें जवाब दाखिल करने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है.
ऐसे में उनकी विधानसभा सदस्यता को लेकर आगे क्या फैसला होगा, इस पर राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं.
बेटी की शादी से पहले 25 नवंबर को होगी घुड़दौड़ प्रतियोगिता
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी के समारोह को लेकर भी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. शादी से पहले 25 नवंबर को दोपहर 2 बजे घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. इसमें बिहार समेत देश के विभिन्न राज्यों से दर्जनों घोड़े पहुंच रहे हैं.
घुड़दौड़ के आयोजन को लेकर विधायक अनंत सिंह खुद मैदान का जायजा ले रहे हैं. वह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ आयोजन स्थल की तैयारियों में जुटे हैं और मैदान को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं.
शिवांगी की शादी के कार्यक्रमों के बीच अनंत सिंह के राजनीतिक भविष्य को लेकर उनका निर्दलीय चुनाव लड़ने का संकेत अब चर्चा का विषय बन गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

