वंदे भारत स्लीपर में यात्रियों की थाली से हटे कई व्यंजन, अब नाश्ते से डिनर तक मिलेगा सिर्फ 4 आइटम का खाना

वंदे भारत स्लीपर में यात्रियों की थाली से हटे कई व्यंजन, अब नाश्ते से डिनर तक मिलेगा सिर्फ 4 आइटम का खाना

प्रेषित समय :17:56:09 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली.ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए खानपान से जुड़ा बड़ा बदलाव किया गया है. अब वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में मिलने वाली भोजन की थाली पहले जैसी नहीं होगी. रेलवे ने खाने के मेन्यू में कटौती करते हुए व्यंजनों की संख्या सीमित कर दी है. पहले जहां नाश्ते, लंच और डिनर में 8 से 10 तरह के व्यंजन परोसे जाते थे, वहीं अब यात्रियों को सिर्फ चार आइटम ही मिलेंगे. नई व्यवस्था के तहत सूप, सलाद, दही और अचार जैसी चीजों को भी मेन्यू से हटा दिया गया है.

रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने यह बदलाव भोजन की गुणवत्ता और शुद्धता बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से किया है. फिलहाल इसकी शुरुआत तीन वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों से हुई है. यात्रियों की प्रतिक्रिया और नई व्यवस्था के नतीजों के आधार पर इसे दूसरी ट्रेनों में लागू करने का फैसला लिया जाएगा.

तीन वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में लागू हुआ नया मेन्यू

IRCTC ने 1 नवंबर से नई दिल्ली-वाराणसी, मुंबई-बेंगलुरु और हावड़ा-कामाख्या वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में सीमित मेन्यू लागू किया है. इसके तहत प्रत्येक मील में पहले मिलने वाले 8 से 10 व्यंजनों की जगह अब केवल चार आइटम परोसे जा रहे हैं.

अधिकारियों के मुताबिक, भोजन की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर यात्रियों की ओर से शिकायतें मिल रही थीं. ऐसे में व्यंजनों की संख्या कम करने का निर्णय लिया गया, ताकि भोजन तैयार करने से लेकर परोसने तक उसकी गुणवत्ता पर बेहतर निगरानी रखी जा सके.

नाश्ते में इडली-वड़ा, पोहा या उपमा का विकल्प

नए मेन्यू में सुबह के नाश्ते के विकल्प भी सीमित कर दिए गए हैं. अब यात्रियों को चटनी और सांभर के साथ इडली-वड़ा, पोहा या उपमा में से एक विकल्प दिया जाएगा.

पहले नाश्ते में मिलने वाले सूप, आमलेट, आमलेट सैंडविच, वेज सैंडविच, छाछ और चॉकलेट को हटा दिया गया है.

लंच और डिनर की थाली में मिलेंगे ये चार व्यंजन

दोपहर और रात के भोजन में अब यात्रियों को चपाती, चावल, दाल और एक मुख्य सब्जी परोसी जाएगी. नॉनवेज भोजन पसंद करने वाले यात्रियों के लिए चिकन का विकल्प भी रहेगा.

वहीं, पहले भोजन की थाली में शामिल सलाद, दही, अचार, सूखी सब्जी और मिठाई को नए मेन्यू से बाहर कर दिया गया है. यानी अब यात्रियों को पहले की तुलना में कम व्यंजनों वाली थाली मिलेगी.

750 ग्राम से घटकर 500 ग्राम रह गया भोजन

मेन्यू में कटौती के साथ भोजन की कुल मात्रा में भी बदलाव आया है. पहले एक मील का वजन करीब 700 से 750 ग्राम तक होता था, जो अब घटकर लगभग 450 से 500 ग्राम रह गया है.

हालांकि, IRCTC का कहना है कि अलग-अलग व्यंजनों की निर्धारित मात्रा में कोई कटौती नहीं की गई है. बदलाव सिर्फ थाली में शामिल व्यंजनों की संख्या को लेकर किया गया है.

बड़े क्लाउड किचन में तैयार होगा यात्रियों का खाना

भोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए रेलवे खानपान व्यवस्था में भी बदलाव की तैयारी कर रहा है. इसके तहत पुराने वेंडरों की जगह बड़े क्लाउड किचन को भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी देने की योजना है.

अधिकारियों का मानना है कि सीमित मेन्यू और व्यवस्थित किचन व्यवस्था से खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता पर बेहतर नियंत्रण रखा जा सकेगा. इससे यात्रियों की शिकायतों में भी कमी आने की उम्मीद है.

यात्रियों की प्रतिक्रिया के बाद दूसरी ट्रेनों पर होगा फैसला

फिलहाल नई खानपान व्यवस्था केवल तीन वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में लागू की गई है. रेलवे इस बदलाव के बाद यात्रियों की प्रतिक्रिया और भोजन की गुणवत्ता का आकलन करेगा. इसके आधार पर तय होगा कि सीमित मेन्यू को अन्य ट्रेनों में भी लागू किया जाए या नहीं.

इस बदलाव से जहां रेलवे को भोजन की गुणवत्ता पर निगरानी रखने में आसानी हो सकती है, वहीं यात्रियों को मिलने वाले व्यंजनों के विकल्प पहले के मुकाबले कम हो गए हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-