अपराधिक वारदात करने से पहले पकड़ा गया बदमाश, पिस्टल जब्त

अपराधिक वारदात करने से पहले पकड़ा गया बदमाश, पिस्टल जब्त

प्रेषित समय :17:19:34 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. शहर की लार्डगंज पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस जब्त किए हैं. आरोपी रात के अंधेरे में हथियार लेकर शताब्दीपुरम इलाके में घूम रहा था और पुलिस को देखते ही भागने की फिराक में था, लेकिन मुस्तैद टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा.

थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य के अनुसार बीती देर रात विश्वसनीय मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि कथई रंग की जैकेट और काला पेंट पहने करीब 20 से 22 वर्ष का एक युवक शताब्दीपुरम क्षेत्र में अवैध पिस्टल लेकर मौजूद है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए बताए गए स्थान पर दबिश दी. वहां संदिग्ध हुलिए का युवक खड़ा दिखाई दिया, जो पुलिस वाहन और जवानों को देखते ही घबरा गया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया.

पूछताछ में उसने अपना नाम रूपेश पटेल (उम्र 22 वर्ष), पिता राजेश पटेल, निवासी पंजाब बैंक कॉलोनी, दमोहनाका (पटेल आटा चक्की के पास), थाना कोतवाली बताया. जब उसकी तलाशी ली गई तो जींस पेंट में कमर के सामने वाले हिस्से में एक देशी पिस्टल खोंसी हुई मिली, जबकि दाहिनी जेब से दो कारतूस बरामद हुए. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर हथियार और कारतूस जब्त कर लिए हैं. अब पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि वह यह अवैध पिस्टल और कारतूस कहां से तथा किस उद्देश्य से लेकर आया था. इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक विष्णुदत्त पांडे, आरक्षक शुभम पटेल, पंकज सनोडिया और ऋषभ बर्मन की अहम भूमिका रही.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-