बदमाश ने परिवार के सदस्यों पर हमला कर घर में की तोडफ़ोड़, पीएनबी कॉलोनी में घटना से सनसनी

बदमाश ने परिवार के सदस्यों पर हमला कर घर में की तोडफ़ोड़, पीएनबी कॉलोनी में घटना से सनसनी

प्रेषित समय :18:45:46 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पंजाब बैंक कॉलोनी में बीती रात उस वक्त दहशत फैल गई, जब आधी रात करीब 3 बजे एक सनकी और शराब के नशे में धुत युवक ने सोते हुए परिवार पर कहर बरपा दिया. मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार पंजाब बैंक कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय श्रीमती वर्षा सोनी अपने परिवार के साथ घर में गहरी नींद में सो रही थीं. तभी रात करीब 3 बजे घर के बाहर से जोरदार तोडफ़ोड़ और गंदी-गंदी गालियों की आवाजें सुनाई दीं. शोर सुनकर वर्षा सोनी अपने पति आशीष सोनी, जेठ अनिल सोनी, जेठानी आरती सोनी, देवर अखिलेश सोनी और देवरानी दीपमाला सोनी के साथ घबराकर बाहर निकलीं. बाहर का नजारा देख परिवार के होश उड़ गए. घर के ठीक सामने रहने वाला गौरव पाण्डे हाथ में पत्थर की भारी चीप का टुकड़ा लिए तांडव मचा रहा था. उसने देखते ही देखते परिवार के ऑटो पर चीप मारकर उसका कांच चकनाचूर कर दिया.

जब परिवार वालों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी आपा खो बैठा. उसने गाली-गलौज करते हुए चीप के टुकड़े से जेठ अनिल सोनी के घुटने पर जोरदार वार कर उन्हें घायल कर दिया और उनके बाल पकड़कर बेरहमी से घसीटा. आरोपी का उत्पात यहीं नहीं रुका; उसने ऑटो और घर के दरवाजे में जमकर तोडफ़ोड़ की, जिससे परिवार को करीब 35 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. पीडि़ता के मुताबिक, गौरव पाण्डे आए दिन शराब पीकर मोहल्ले में विवाद करता है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया. कोतवाली पुलिस ने आरोपी गौरव पाण्डे के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 118(1), 351(3) और 324(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-