मुआवजे के लिए आमने-सामने बहनें और जीजा, SP ऑफिस में नोटों से भरा थैला लेकर पहुंचीं

मुआवजे के लिए आमने-सामने बहनें और जीजा, SP ऑफिस में नोटों से भरा थैला लेकर पहुंचीं

प्रेषित समय :18:21:52 PM / Wed, Nov 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

डिंडौरी. मध्यप्रदेश के डिंडौरी में बांध परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे को लेकर विवाद सामने आया है. बुधवार को चार बहनें नोटों से भरा थैला लेकर एसपी कार्यालय पहुंचीं और न्याय की गुहार लगाई. बहनों ने अपनी बहन के पति (जीजा) से मुआवजे की राशि में से 5 लाख रुपए और दिलाने की मांग की. वहीं, दूसरी ओर जीजा ने विक्रमपुर पुलिस चौकी में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल सत्येंद्र पटेल पर 5 लाख रुपए लेने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है.

माता-पिता की 16 एकड़ जमीन को लेकर विवाद
जानकारी के मुताबिक, डिंडौरी के मरवारी निवासी भादू सिंह और उनकी पत्नी फुली बाई के कोई बेटा नहीं था. उनकी छह बेटियां कलावती, कलिया, मल्ली, हेमवती, भगवती और रजनी हैं. सभी बेटियों की शादी के बाद माता-पिता ने बुढ़ापे में सहारे के लिए मल्ली बाई और उनके पति चूरामन भरिया को अपने साथ रखा था.

भादू सिंह का 1998 और फुली बाई का 1999 में निधन हो गया था. इसके बाद सभी बहनों ने मिलकर माता-पिता का अंतिम संस्कार और अन्य रस्में पूरी की थीं. मल्ली बाई और उनके पति चूरामन के नाम 16 एकड़ जमीन का दानपत्र था. इसी जमीन पर दोनों खेती करते थे.

बांध परियोजना में डूबी जमीन, 29.80 लाख मुआवजा तय
राघोपुर बहुउद्देशीय बांध परियोजना के कारण 16 एकड़ जमीन डूब क्षेत्र में आ गई. इसके बदले 29 लाख 80 हजार रुपए का मुआवजा निर्धारित किया गया. मुआवजे की जानकारी मिलने के बाद चार बहनें अपना हिस्सा मांगने गांव पहुंचीं. हालांकि, जमीन और मुआवजे के बंटवारे को लेकर गांव की पंचायत में कोई सहमति नहीं बन पाई.

इसके बाद चारों बहनों ने 13 नवंबर को विक्रमपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई. यह शिकायत हेड कॉन्स्टेबल सत्येंद्र पटेल के पास पहुंची. आरोप है कि उन्होंने बहनों को कोर्ट जाने की सलाह दी, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने का हवाला देते हुए बहनों ने पुलिस स्तर पर ही विवाद सुलझाने की मांग की.

इसके बाद प्रधान आरक्षक ने चूरामन से फोन पर बात की. दोनों पक्षों के बीच 10 लाख रुपए में समझौता हुआ. इसमें 5 लाख रुपए नकद और बाकी 5 लाख रुपए बैंक के माध्यम से देने की बात तय हुई.

जीजा ने हेड कॉन्स्टेबल पर लगाए 5 लाख लेने के आरोप
सोमवार को चूरामन भरिया एसपी कार्यालय पहुंचे. उन्होंने शिकायत में आरोप लगाया कि हेड कॉन्स्टेबल सत्येंद्र पटेल ने मुआवजे की राशि में से 5 लाख रुपए ले लिए हैं. साथ ही उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है.

इसके बाद मंगलवार को कलावती, हेमवती, भगवती और कलिया ने भी एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की. बुधवार को चारों बहनें 5 लाख रुपए से भरा थैला लेकर दोबारा एसपी कार्यालय पहुंचीं और अपने हिस्से की राशि दिलाने की मांग की.

एसपी बोले- आपसी सहमति या कोर्ट से सुलझाएं मामला
मामले में एसपी आशीष खरे ने चारों बहनों को आपसी सहमति, गांव की पंचायत, कलेक्टर कार्यालय या सिविल कोर्ट के माध्यम से विवाद सुलझाने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि पुलिस का काम अपराध से जुड़े मामलों में कार्रवाई करना है.

वहीं, हेड कॉन्स्टेबल पर पैसे लेने के आरोप के सवाल पर एसपी ने कहा कि पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत की थी, इसलिए संभव है कि हेड कॉन्स्टेबल ने मामले में हस्तक्षेप किया हो.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-