पति के घर नहीं लौटने से नाराज मां ने दो बेटियों की गला घोंटकर की हत्या, तीसरी ने भागकर बचाई जान

पति के घर नहीं लौटने से नाराज मां ने दो बेटियों की गला घोंटकर की हत्या, तीसरी ने भागकर बचाई जान

प्रेषित समय :13:21:22 PM / Wed, Nov 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मोतिहारी. बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक मां पर अपनी ही दो मासूम बेटियों की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है. मृत बच्चियों की उम्र 13 और 11 साल बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि पति के रात में घर नहीं लौटने से नाराज महिला ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. उसने अपनी तीसरी बेटी को भी मारने की कोशिश की, लेकिन बच्ची किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकली.

एक ही घर में मिले दो सगी बहनों के शव

घटना डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के सेमुआपुर गांव की है. एक ही घर में दो सगी बहनों के शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया. शुरुआत में दोनों बच्चियों की मौत संदिग्ध मानी जा रही थी. उनके मुंह से झाग निकलने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जहर देकर हत्या किए जाने समेत अन्य संभावित पहलुओं की जांच शुरू की.

मां घर से थी गायब, पिता को हिरासत में लेकर की पूछताछ

दो बच्चियों की मौत की सूचना मिलते ही डुमरियाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. शुरुआती जांच के दौरान बच्चियों की मां घर से गायब मिली. वहीं, पुलिस ने उनके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.

जांच में मां पर गहराया शक, तीसरी बेटी ने बताई वारदात

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई. जांच के दौरान शक की सुई बच्चियों की मां की ओर घूम गई. पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चियों की गला घोंटकर हत्या की गई थी. आरोप है कि महिला ने अपनी तीसरी बेटी को भी मारने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही.

आरोपी मां गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ

मोतिहारी के प्रभारी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-