नई दिल्ली. तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. बुधवार, 25 नवंबर को सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने शीर्ष अदालत से माफी मांगी. मदुरै के जिला कलेक्टर ने कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर बताया कि प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने के लिए पूरी कोशिश की थी, लेकिन मंदिर प्रशासन के विरोध के कारण विवादित दीपथून (दीप स्तंभ) पर दीप नहीं जलाया जा सका.
सरकार की ओर से बताया गया कि मंदिर प्रशासन ने दीपथून पर दीप जलाने को स्थापित परंपराओं और धार्मिक रीति-रिवाजों के खिलाफ बताया था. इसके चलते कार्तिगई महादीपम केवल उचि पिल्लैयार मंदिर के पास स्थित पारंपरिक स्थान पर ही जलाया गया.
सुप्रीम कोर्ट में अवमानना कार्रवाई की मांग
बुधवार को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने मामले की सुनवाई की. इस दौरान याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं किया है. उन्होंने अदालत से संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की मांग की. कोर्ट ने इस मांग को स्वीकार कर लिया.
कलेक्टर ने हलफनामे में क्या बताया?
मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा ने अपनी स्थिति रिपोर्ट में बताया कि प्रशासन ने 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट की ओर से दिए गए आदेश को लागू करने के लिए जरूरी तैयारियां की थीं. इसके लिए मंदिर प्रशासन के साथ कई बैठकें की गईं और पत्राचार भी किया गया.
कलेक्टर के मुताबिक, दीप जलाने के लिए अधिकृत टीम गठित करने की भी कोशिश की गई, लेकिन मंदिर के न्यासी मंडल ने प्रस्तावित टीम को मंजूरी नहीं दी. न्यासी मंडल ने पारंपरिक स्थान पर ही कार्तिगई महादीपम जलाने का फैसला लिया. इसी वजह से पहाड़ी के ऊपर स्थित विवादित दीपथून स्तंभ पर दीप नहीं जलाया जा सका. कलेक्टर ने इस पूरे घटनाक्रम पर अदालत के समक्ष खेद भी जताया.
क्या है पूरा दीप जलाने का विवाद?
दरअसल, मदुरै के पास स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर एक पत्थर के स्तंभ को लेकर विवाद है. हिंदू संगठनों और याचिकाकर्ताओं का दावा है कि यह स्तंभ दीपथून है, जिसे दीप जलाने के लिए बनाया गया था. उनकी मांग है कि यहां धार्मिक परंपरा के अनुसार दीप जलाने की अनुमति दी जाए.
वहीं, तमिलनाडु सरकार का तर्क है कि यह पत्थर का स्तंभ सर्वेक्षण के लिए बनाया गया हो सकता है और यहां दीप जलाने की कोई प्रमाणित ऐतिहासिक परंपरा नहीं रही है. इसी मुद्दे को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है और अब सुप्रीम कोर्ट में अवमानना की कार्रवाई शुरू होने से मामला और महत्वपूर्ण हो गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

