भारत बनेगा क्रेन, बुलडोजर और टनल बोरिंग मशीनों का मैन्युफैक्चरिंग हब, कैबिनेट ने 19,934 करोड़ के 5 बड़े फैसलों को दी मंजूरी

भारत बनेगा क्रेन, बुलडोजर और टनल बोरिंग मशीनों का मैन्युफैक्चरिंग हब, कैबिनेट ने 19,934 करोड़ के 5 बड़े फैसलों को दी मंजूरी

प्रेषित समय :15:50:11 PM / Wed, Nov 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली.भारत को कंस्ट्रक्शन और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े भारी उपकरणों के निर्माण का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने अहम कदम उठाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में 19,934 करोड़ रुपये के पांच बड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. इनमें सबसे बड़ा फैसला क्रेन, बुलडोजर, टनल बोरिंग मशीन और अन्य निर्माण उपकरणों की घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने से जुड़ा है. इसके लिए सरकार ने 11,000 करोड़ रुपये की योजना को हरी झंडी दी है.

कैबिनेट के अन्य फैसलों में तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल बनाने और असम के सिलचर में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने की परियोजनाएं शामिल हैं. इसके अलावा डाक विभाग की दो योजनाओं को भी मंजूरी दी गई है.

कैबिनेट के 5 बड़े फैसले, जानिए कहां कितना होगा खर्च

  • 11,000 करोड़ रुपये: कंस्ट्रक्शन और इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरणों की मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए.

  • 4,288 करोड़ रुपये: तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल बनाने के लिए.

  • 2,014 करोड़ रुपये: असम के सिलचर स्थित डोलू में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने के लिए.

  • 1,141 करोड़ रुपये: डाक विभाग की पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम के लिए.

  • 1,491 करोड़ रुपये: डाक विभाग की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम के लिए.

भारत को कंस्ट्रक्शन उपकरणों का हब बनाने की जरूरत क्यों?

भारत में तेजी से सड़क, रेलवे, सुरंग, पुल और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का निर्माण हो रहा है. इन कामों के लिए क्रेन, बुलडोजर, एक्सकेवेटर और टनल बोरिंग मशीनों जैसे भारी उपकरणों की जरूरत पड़ती है.

जानकारी के मुताबिक, भारत ने पिछले साल करीब 97,500 करोड़ रुपये के कंस्ट्रक्शन उपकरणों का उत्पादन किया था. इसके बावजूद देश की कुल जरूरत का लगभग 45 फीसदी हिस्सा आयात करना पड़ता है. चीन समेत दूसरे देशों पर निर्भरता कम करने और घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए सरकार ने यह योजना शुरू करने का फैसला लिया है.

इस स्कीम का उद्देश्य भारत को उपकरणों के आयातक से बदलकर वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाना है. योजना के तहत घरेलू कंपनियों को उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा.

7 श्रेणियों की भारी मशीनों का देश में होगा निर्माण

सरकार ने फिलहाल सात श्रेणियों के भारी उपकरणों को इस योजना में शामिल किया है. इनमें ऐसी मशीनें शामिल हैं, जिनके लिए भारत काफी हद तक दूसरे देशों पर निर्भर है.

  • टनल बोरिंग मशीन

  • ऑफ-हाईवे ट्रक

  • एक्सकेवेटर यानी खुदाई करने वाली मशीन

  • क्रेन

  • लोडर

  • पाइलिंग रिग

  • ड्रिलिंग मशीन

इसके अलावा मशीनों में इस्तेमाल होने वाले पांच प्रमुख कलपुर्जों का उत्पादन भी देश में बढ़ाया जाएगा. इनमें इंजन, ट्रांसमिशन, हाइड्रोलिक सिस्टम, अंडरकैरिज और ड्राइव सिस्टम शामिल हैं.

योजना के तहत भारत में इन मशीनों और कलपुर्जों का उत्पादन बढ़ाने वाली कंपनियों को उनकी बिक्री के आधार पर प्रोत्साहन दिया जाएगा.

मशीनों की टेस्टिंग के लिए बनेगा विशेष सेंटर

भारत में निर्मित मशीनों की गुणवत्ता जांचने और उन्हें प्रमाणित करने की व्यवस्था भी देश में ही विकसित की जाएगी. इसके लिए ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) को विशेष टेस्टिंग सेंटर स्थापित करने के लिए 375 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा.

सरकार को उम्मीद है कि इस योजना से करीब 21,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होगा और देश में मैन्युफैक्चरिंग के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

कामराजार पोर्ट पर 4,288 करोड़ से बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल

केंद्रीय कैबिनेट ने तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट लिमिटेड (KPL) में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण को भी मंजूरी दी है. करीब 4,288.26 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) और DBFOT मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा.

यह टर्मिनल 900 मीटर लंबा होगा और इसकी सालाना क्षमता 20 लाख TEUs (कंटेनर यूनिट) होगी. परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा.

इसकी खास बात यह है कि निर्माण पर होने वाला पूरा खर्च निजी कंपनियां उठाएंगी. इससे सरकार पर कोई वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा. नया टर्मिनल बड़े कंटेनर जहाजों को संभालने में सक्षम होगा. इससे विदेशी बंदरगाहों पर निर्भरता कम होगी और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा. परियोजना से करीब 1,550 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है.

असम के सिलचर में बनेगा नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने असम के सिलचर स्थित डोलू में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है. यह एयरपोर्ट दक्षिण असम और आसपास के राज्यों के लिए हवाई कनेक्टिविटी बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा.

प्रस्तावित एयरपोर्ट का टर्मिनल भवन 12,351 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित किया जाएगा. इसमें व्यस्त समय के दौरान एक घंटे में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी.

एयरपोर्ट पर A-320 विमानों के संचालन के लिए 2,705 मीटर लंबा रनवे बनाया जाएगा. इसके अलावा एक साथ छह विमानों की पार्किंग के लिए एप्रन भी विकसित किया जाएगा.

बराक घाटी के रणनीतिक क्षेत्र में बनने वाला यह एयरपोर्ट दक्षिण असम के साथ पड़ोसी राज्यों की हवाई यातायात जरूरतों को पूरा करेगा. इससे क्षेत्र में व्यापार, कृषि आधारित उद्योगों और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-