फरीदाबाद में चिप्स-चाउमीन खाने के बाद 2 भाइयों की तबीयत बिगड़ी, 8 साल के राघव की मौत; बड़ा भाई ICU में

फरीदाबाद में चिप्स-चाउमीन खाने के बाद 2 भाइयों की तबीयत बिगड़ी, 8 साल के राघव की मौत; बड़ा भाई ICU में

प्रेषित समय :20:29:03 PM / Wed, Nov 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद में खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता को लेकर चिंताजनक मामला सामने आया है. नेहरू कॉलोनी में चिप्स और चाउमीन खाने के बाद दो सगे भाइयों की अचानक तबीयत बिगड़ गई. दोनों को उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे. इलाज के दौरान 8 वर्षीय राघव की मौत हो गई, जबकि उसका 10 वर्षीय बड़ा भाई कुनाल ICU में भर्ती है और डॉक्टरों की निगरानी में उपचार चल रहा है.

फिलहाल बच्चों की तबीयत बिगड़ने और राघव की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

चिप्स खाने के बाद बाजार में खाई चाउमीन

घटना फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर की शाम करीब 7 बजे राघव और उसका बड़ा भाई कुनाल भूख लगने पर घर से बाहर निकले थे. दोनों के पास खाने के लिए करीब 10 से 15 रुपये थे.

रास्ते में उन्हें उनका चचेरा भाई मिला, जिसके पास चिप्स थे. तीनों ने साथ बैठकर चिप्स खाए. इसके बाद दोनों भाइयों ने बाजार में चाउमीन भी खाई.

घर लौटने के कुछ समय बाद राघव ने अपनी मां से चक्कर आने और उल्टी जैसा महसूस होने की शिकायत की. परिवार अभी कुछ समझ पाता, उससे पहले ही कुनाल की भी तबीयत बिगड़ गई और उसे भी उल्टियां होने लगीं.

इलाज के दौरान 8 वर्षीय राघव की मौत, कुनाल ICU में

दोनों बच्चों की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल एनआईटी-3 स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया.

उपचार के दौरान 8 वर्षीय राघव की मौत हो गई. वहीं, उसके बड़े भाई कुनाल को आईसीयू में भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है. परिवार में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है.

पुलिस को फूड प्वाइजनिंग की आशंका

डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बच्चों ने चाउमीन खाई थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी. प्रथम दृष्टया फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है.

पुलिस ने राघव के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

कुशीनगर में चिकन खाने के बाद बच्चे की मौत का मामला भी आया था

खाद्य पदार्थ खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने और मौत का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में रामकोला थाना क्षेत्र के बरवा बाजार गांव के भरपट्टी टोले में चिकन खाने के बाद एक ही परिवार के तीन बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी.

इस घटना में 7 वर्षीय अखिलेश की मौत हो गई थी. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-