वन विभाग का बड़ा 'बुलडोजर' एक्शन: माफियाओं के चंगुल से छुड़ाई 5 करोड़ की 45 एकड़ बेशकीमती जमीन!

वन विभाग का बड़ा

प्रेषित समय :16:22:19 PM / Wed, Nov 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. वन भूमि पर अवैध कब्जा जमाकर बैठे भू-माफियाओं के खिलाफ वन विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है. बुधवार को मझौली क्षेत्र के ढोंडा गांव में विभाग के भारी-भरकम अमले ने धावा बोलते हुए करीब 45 एकड़ सरकारी वन भूमि को अतिक्रमणकारियों के चंगुल से मुक्त करा लिया. मुक्त कराई गई इस बेशकीमती जमीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 करोड़ रुपए आंकी गई है.

वन सुरक्षा पखवाड़े के तहत वनमंडलाधिकारी (DFO) जबलपुर और उपवनमंडलाधिकारी (SDO) सिहोरा के सीधे मार्गदर्शन में यह हाई-वोल्टेज ऑपरेशन चलाया गया. लंबे समय से इस विशाल भू-भाग पर सात लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था. मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पहले सख्ती के साथ पूरी जमीन का सीमांकन कराया और देखते ही देखते अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया. विभाग की इस अचानक और आक्रामक कार्रवाई से इलाके के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया. कब्जा हटाने के बाद भी विभाग के तेवर नरम नहीं पड़े.

माफिया भविष्य में दोबारा इस जमीन पर नजर न डाल सकें, इसके लिए मौके पर जेसीबी मशीनें उतारकर चारों ओर गहरी 'कैटल प्रूफ ट्रेंच' (खाई) खुदवा दी गई है. इस पूरी कार्रवाई को रेंजर अजय मिश्रा, डिप्टी रेंजर राजेश खरे और बीट प्रभारी अनिल सेंगर के नेतृत्व में भारी अमले ने अंजाम दिया. अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मुक्त कराई गई इस जमीन की अब नियमित निगरानी की जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-