इंदौर में सब्जी मंडी हटाने के दौरान हंगामा, नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने निगम कर्मचारी को मारा थप्पड़; पुलिस ने हिरासत में लिया

इंदौर में सब्जी मंडी हटाने के दौरान हंगामा, नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने निगम कर्मचारी को मारा थप्पड़; पुलिस ने हिरासत में लिया

प्रेषित समय :17:56:35 PM / Wed, Nov 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

इंदौर. इंदौर में फूटी कोठी ब्रिज के नीचे लगी सब्जी मंडी हटाने की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ. नगर निगम और पुलिस की टीम जब अतिक्रमण हटाने पहुंची, तो सब्जी विक्रेताओं और कांग्रेस नेताओं ने विरोध शुरू कर दिया. इसी दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता किए जाने का आरोप लगाते हुए नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने एक कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया. घटना के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

मंडी हटाने की कार्रवाई के दौरान मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई. विवाद बढ़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जबकि मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.

महिलाओं से अभद्रता के आरोप के बाद बढ़ा विवाद

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में नगर निगम और पुलिस की टीम के साथ सब्जी विक्रेताओं तथा कांग्रेस नेताओं की बहस होती दिखाई दे रही है.

इसी दौरान कुछ महिलाएं सामने आईं और नगर निगम के एक कर्मचारी पर अभद्रता करने का आरोप लगाया. मामले की जानकारी मिलने पर नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट भी मौके पर पहुंचीं. बहस के दौरान उन्होंने नगर निगम कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया.

थप्पड़ मारने के बाद मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने नेता प्रतिपक्ष को अलग किया. वीडियो में कर्मचारी भी घटना पर नाराजगी जताते हुए सवाल करता दिखाई देता है कि उसे थप्पड़ कैसे मारा जा सकता है.

पुलिस ने सब्जी विक्रेताओं को हिरासत में लिया

हंगामे के बाद पुलिस ने कुछ सब्जी विक्रेताओं को हिरासत में लिया और उन्हें वाहनों में बैठाकर वहां से रवाना किया. कार्रवाई के दौरान फूटी कोठी ब्रिज के नीचे काफी देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

विवाद और विरोध के बीच नगर निगम तथा पुलिस की टीम ने ब्रिज के नीचे लगी सब्जी मंडी को हटाने की कार्रवाई पूरी की.

पांच थानों का पुलिस बल रहा तैनात

फूटी कोठी क्षेत्र में सब्जी मंडी हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर निगम की रिमूवल टीम के साथ पांच थानों का पुलिस बल भी तैनात किया गया था. मंडी हटाए जाने के बाद कांग्रेस नेता लगातार सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे.

कार्रवाई के दौरान विरोध, थप्पड़ मारने की घटना और पुलिस की हिरासत के बाद मामला चर्चा में आ गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भी पूरे मामले को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-