प्रत्येक फाइल केवल कागजों का पुलिंदा नहीं है, बल्कि एक जीवन का प्रतिनिधित्व करती है- जस्टिस पाठक

प्रत्येक फाइल केवल कागजों का पुलिंदा नहीं है, बल्कि एक जीवन का प्रतिनिधित्व करती है- जस्टिस पाठक

प्रेषित समय :19:31:33 PM / Wed, Nov 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. मध्य प्रदेश में यौन शोषण के पीडि़तों को संवेदनशील, त्वरित और करुणामय न्याय दिलाने के उद्देश्य से आज एक वर्चुअल रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. यह आयोजन मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोगजे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें कुल 80 मास्टर ट्रेनर्स ने सक्रिय भागीदारी की. यह प्रशिक्षण महिला एवं बाल विकास विभाग, राष्ट्रीय न्यायालयिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) गांधीनगर और यूनिसेफ मध्य प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हाईकोर्ट की किशोर न्याय समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री आनंद पाठक शामिल हुए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक फाइल केवल कागजों का पुलिंदा नहीं है, बल्कि एक जीवन का प्रतिनिधित्व करती है. इस अवसर पर रजिस्ट्रार आईटी सूर्य प्रकाश, संयुक्त संचालक अमिताभ अवस्थी, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी सुश्री शुभम ठुकराल और बाल संरक्षण अधिकारी गोविंद बेनीवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे. उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति आनंद पाठक ने स्पष्ट किया कि 'शौर्य दीदी' बनना समाज के घावों को भरने वाले एक हीलर के रूप में कार्य करने का अनूठा अवसर है.

उन्होंने बताया कि यौन शोषण जैसी घटनाएं पीडि़तों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनकी शिक्षा और पारिवारिक संबंधों पर भी गहरा विपरीत प्रभाव डालती हैं. ऐसे कठिन समय में शौर्य दीदी की भूमिका केवल कानूनी प्रक्रियाओं तक सीमित नहीं रहती, बल्कि नियमित फॉलो-अप और भावनात्मक संबल प्रदान कर पीडि़त का हाथ थामना भी अत्यंत आवश्यक है. न्यायमूर्ति ने प्रतिभागियों को समझाया कि किसी भी प्रकरण में की गई एक छोटी-सी सकारात्मक कार्रवाई उससे जुड़े लोगों का भविष्य बदल सकती है, इसलिए प्रत्येक मामले को पूरी सहानुभूति, संवेदनशीलता और गरिमा के साथ देखा जाना चाहिए.

जिलों में प्रशिक्षित होकर अभियान को मिलेगी नई गति

इस महत्वाकांक्षी पहल की परिकल्पना न्यायमूर्ति आनंद पाठक द्वारा की गई है, जिसे राज्य के गृह विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग मिलकर जमीनी स्तर पर लागू कर रहे हैं. इसके लिए एनएफएसयू गांधीनगर ने विशेष पाठ्यक्रम तैयार किया है तथा वर्ष 2024 और 2025 के दौरान 11 जिलों के मास्टर ट्रेनर्स को 5 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण भी दिया गया है. अब ये 80 प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स अपने-अपने जिलों में जाकर महिला पुलिस कर्मियों और विभागीय कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे. उच्च न्यायालय का प्रमुख लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि न्याय का अर्थ केवल दोषी को सजा दिलाना न होकर पीडि़तों का सशक्तिकरण करना और उन्हें सम्मानपूर्वक समाज की मुख्यधारा में वापस लाना भी हो. इस वर्चुअल आयोजन में 12 जिलों के जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल कल्याण समितियों के अध्यक्ष, सदस्य और किशोर न्याय समिति सचिवालय के अधिकारी भी जुड़े.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-