साइबर ठगों का कहर, क्यूआर कोड, फर्जी फ्रेंचायजी, ओटीपी के जाल में फंसाकर तीनों लोगों को खाते किए खाली

साइबर ठगों का कहर, क्यूआर कोड, फर्जी फ्रेंचायजी, ओटीपी के जाल में फंसाकर तीनों लोगों को खाते किए खाली

प्रेषित समय :16:13:58 PM / Wed, Nov 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में साइबर और ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. ताजा तीन अलग-अलग घटनाओं में ठगों ने लोगों के मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर दिया. कहीं चाचा के नाम से भेजे गए क्यूआर कोड ने खेल बिगाड़ दिया, तो कहीं डिलीवरी फ्रेंचायजी के नाम पर दो लाख रुपये ऐंठ लिए गए. वहीं, बैंक अधिकारी बनकर आए एक कॉल ने बुजुर्ग को 65 हजार से ज्यादा का चूना लगा दिया.

बताया गया है कि गढ़ा के धनवंतरीनगर निवासी अभिषेक उपाध्याय उम्र 35 वर्ष के वाट्सएप पर 25 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7.26 बजे उनके चाचा अंजनी कुमार उपाध्याय के नंबर से एक क्यूआर कोड आया और 25 हजार रुपये भेजने को कहा गया. अभिषेक ने तुरंत क्यूआर कोड स्कैन कर 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए. असल में उनके चाचा रविशंकर दुबे के खाते में रकम डलवाना चाह रहे थे, लेकिन पैसा रविशंकर के बजाय मयूर भट्ट के खाते में चला गया. 24 नवंबर को दर्ज रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है.

डिलीवरी फ्रेंचायजी का झांसा देकर हड़पे 2 लाख रुपए-

अधारताल के  संजयनगर निवासी 25 वर्षीय प्रशांत चक्रवर्ती मीसो कंपनी में डिलीवरी का काम करते हैं. उन्होंने पार्सल डिलीवरी फ्रेंचायजी के लिए यू-ट्यूब पर वीडियो देखकर धौलपुर (राजस्थान) निवासी अंकित राजपूत से संपर्क किया. अंकित ने फ्रेंचायजी दिलाने का भरोसा देकर 2 लाख रुपये मांगे. प्रशांत ने पंजाब नेशनल बैंक खाते से 23 फरवरी से 2 जुलाई 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 2 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए. रकम मिलने के बाद अब अंकित का मोबाइल बंद आ रहा है.

बैंक अधिकारी बन मांगा ओटीपी, उड़ाए 65,759 रुपए-

हनुमानताल क्षेत्र के  मक्कानगर गली नंबर 1 निवासी 50 वर्षीय तनवीर अहमद इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सुधारने का काम करते हैं. 6 नवंबर 2026 को उन्हें अज्ञात कॉल आया, जिसने खुद को बैंक ऑफ बड़ौदा का प्रतिनिधि बताकर क्रेडिट कार्ड का ऑफर दिया. प्लैटिनम कार्ड को रूपे कार्ड में बदलने की बात पर ठग ने ईमेल आईडी और जन्मतिथि मांगी, फिर आए ओटीपी की जानकारी भी ले ली. इसके बाद दो बार में खाते से 65,759 रुपये 34 पैसे कट गए. 
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-