जबलपुर.मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में शादी के दौरान दहेज की बढ़ती मांगों ने खुशियों के माहौल को तनाव और विवाद में बदल दिया. सिविल लाइन क्षेत्र स्थित बंधन बारात घर में 24 नवंबर को आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान वर पक्ष पर अलग-अलग समय पर नई मांगें रखने का आरोप लगा है. पहले अंगूठी और सोने की चेन की मांग पूरी होने के बावजूद जब रात करीब 3 बजे AC की मांग रखी गई और वह पूरी नहीं हो सकी, तो विवाद इतना बढ़ गया कि बारात बिना शादी किए ही लौट गई. आरोप यह भी है कि इस दौरान दुल्हन के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई.
पीड़ित परिवार के अनुसार, गोरा बाजार निवासी मुरारी लाल कोरी, जो वर्ष 2013 में खमरिया फैक्ट्री से सेवानिवृत्त हुए हैं, ने अपनी बड़ी बेटी का विवाह घमापुर निवासी युवक से तय किया था. 24 नवंबर को बारात बंधन बारात घर पहुंची. परिवार का कहना है कि शुरुआत में द्वारचार के दौरान अंगूठी या सोने की चेन देने जैसी कोई पूर्व शर्त तय नहीं थी, लेकिन समारोह आगे बढ़ने के साथ ही वर पक्ष की ओर से मांगों का सिलसिला शुरू हो गया.
आरोपों के मुताबिक, रात करीब 1 बजे सबसे पहले अंगूठी की मांग की गई, जिसे वधू पक्ष ने पूरा किया. इसके बाद रात करीब 2 बजे, जयमाला से पहले सोने की चेन की मांग रख दी गई. दुल्हन के पिता ने बताया कि उन्होंने लगभग 5 किलोमीटर दूर गोरा बाजार से सोने की चेन मंगवाकर वर पक्ष को दी.
जयमाला संपन्न होने के बाद जब भोजन का समय आया, तब रात करीब 3 बजे वर पक्ष ने कथित तौर पर AC की नई मांग रख दी. आरोप है कि वर पक्ष ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक AC की मांग पूरी नहीं होगी, तब तक बाराती खाना नहीं खाएंगे. इस पर दुल्हन ने अपने पिता की सेवानिवृत्ति और सीमित आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इस मांग का विरोध किया.
परिवार का आरोप है कि दुल्हन की आपत्ति के बाद विवाद और अधिक गहरा गया. इसी दौरान वर पक्ष के कुछ लोगों ने दुल्हन के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और बारात लेकर वापस लौट गए. उल्लेखनीय है कि शादी समारोह में दूल्हे के माता-पिता उपस्थित नहीं थे, जबकि बारात में दूल्हे के चाचा, बुआ, बहनें और अन्य रिश्तेदार शामिल थे. दुल्हन के जीजा ने भी इस बात की पुष्टि की कि पूरा विवाद समारोह के दौरान की गई दहेज की नई मांगों के कारण उत्पन्न हुआ.
इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है. दुल्हन के पिता मुरारी लाल कोरी का कहना है कि विवाह समारोह के दौरान ही जब उनकी बेटी के साथ ऐसा व्यवहार किया गया है, तो वे अब इस परिवार में बेटी का विवाह नहीं करना चाहते. फिलहाल परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

