पश्चिम मध्य रेल में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान जारी, अब तक 3,308 पेंशनरों ने कराया पंजीयन

पश्चिम मध्य रेल में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान जारी, अब तक 3,308 पेंशनरों ने कराया पंजीयन

प्रेषित समय :19:34:35 PM / Wed, Nov 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. रेल पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया में राहत देने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेल में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC 5.0) अभियान चलाया जा रहा है. 30 नवंबर 2026 तक जारी रहने वाले इस अभियान के तहत अब तक कुल 3,308 डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार किए जा चुके हैं.

अभियान में पश्चिम मध्य रेल के तीनों मंडलों और मुख्यालय में पेंशनरों की अच्छी भागीदारी सामने आई है. आंकड़ों के अनुसार, जबलपुर मंडल में 921, भोपाल मंडल में 831, कोटा मंडल में 852 और पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय में 704 डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए हैं.

डिजिटल सुविधा के साथ स्वास्थ्य जांच भी

रेल प्रशासन की ओर से इस अभियान को केवल जीवन प्रमाण पत्र तैयार करने तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि पेंशनरों की अन्य जरूरतों का भी ध्यान रखा जा रहा है. इसके लिए विभिन्न स्टेशनों, कार्यालयों और चिकित्सा संस्थानों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं. इन शिविरों में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने के लिए तकनीकी सहायता के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी जा रही है.

तीनों मंडलों में लगाए जा रहे विशेष शिविर

पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय में समाधान केंद्र और केंद्रीय चिकित्सालय में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. जबलपुर मंडल में उमंग सामुदायिक भवन, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित समाधान केंद्र के अलावा कटनी, सतना, नरसिंहपुर, ब्यौहारी, दमोह, सागर और पिपरिया में शिविरों की व्यवस्था की गई है.

इसी तरह भोपाल मंडल में निशातपुरा, हबीबगंज, बीना, गुना और इटारसी के चिकित्सा संस्थानों के साथ भोपाल, इटारसी, बीना, गुना और हरदा रेलवे स्टेशनों पर भी पेंशनरों को यह सुविधा दी जा रही है.

वहीं कोटा मंडल में विभिन्न स्टेशनों और कार्यालयों के साथ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी में मेगा शिविर लगाए जा रहे हैं. पेंशन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कोटा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में विशेष हेल्प डेस्क भी बनाई गई है.

शिविर में ये दस्तावेज लेकर पहुंचें पेंशनर

पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने सभी रेल पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों से अपील की है कि वे 30 नवंबर 2026 से पहले अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवा लें. इसके लिए आधार कार्ड, मूल पेंशन भुगतान आदेश (PPO), बैंक पासबुक और आधार से लिंक सक्रिय मोबाइल फोन साथ लाना जरूरी है.

रेल प्रशासन का कहना है कि डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान से पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी. साथ ही डिजिटल तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ पेंशनरों की स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी जरूरतों को भी पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-