भागवत बोले- युवा सच के साथ खड़े होने को तैयार, बाहरी चुनौतियों के साथ अंदरूनी खतरों से भी सतर्क रहना होगा

भागवत बोले- युवा सच के साथ खड़े होने को तैयार, बाहरी चुनौतियों के साथ अंदरूनी खतरों से भी सतर्क रहना होगा

प्रेषित समय :17:49:44 PM / Wed, Nov 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

छत्रपति संभाजीनगर.राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि आज की युवा पीढ़ी झूठ पसंद नहीं करती. युवा सच बोलने वालों के साथ खड़े होने को तैयार हैं. वे देश को महान बनाना चाहते हैं और गुलामी की मानसिकता से बाहर निकल चुके हैं.

भागवत ने कहा कि भारत को मौजूदा समय में बाहरी दुश्मनों से ज्यादा अंदरूनी खतरों के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है. भारत की विचारधारा ऐसी है कि वह उन पड़ोसी देशों की भी मदद करना चाहता है, जो उससे नफरत करते हैं.

वे बुधवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित पांचवें पद्मा फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे. कार्यक्रम में पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान भी मौजूद थे.

ईमानदारी से बात करने वालों के साथ खड़े होते हैं युवा

मोहन भागवत ने कहा कि आज के युवा सच्चाई को महत्व देते हैं. अगर कोई व्यक्ति ईमानदारी से अपनी बात रखता है, तो युवा उसके साथ खड़े होने के लिए तैयार रहते हैं. उन्होंने कहा कि अच्छे काम करने वाले लोगों से सीखना चाहिए और उनके प्रयासों की सराहना कर उन्हें आगे बढ़ाना चाहिए.

भागवत के मुताबिक, किसी व्यक्ति ने अपने स्वार्थ के लिए भी कोई अच्छा काम किया है, तो उससे सीखने में कोई बुराई नहीं है. अच्छे काम को उसके उद्देश्य से परे जाकर भी देखा जाना चाहिए.

भारत ताकत का इस्तेमाल कमजोरों की रक्षा और शांति के लिए करता है

RSS प्रमुख ने कहा कि भारत की सोच दुनिया के दूसरे देशों से अलग है. भारत सभी की मदद करने में विश्वास रखता है, यहां तक कि उन पड़ोसी देशों की भी जो भारत से नफरत करते हैं.

उन्होंने कहा कि भारत की तरक्की से ताकतवर देशों के सामने प्रतिस्पर्धा की चुनौती खड़ी हो सकती है. भारत का मानना है कि ताकत का इस्तेमाल कमजोर लोगों की रक्षा करने और दुनिया में शांति बनाए रखने के लिए होना चाहिए.

पूर्व CDS बोले- भारत की तरक्की में बाधा बन सकते हैं विकसित देश

कार्यक्रम में मौजूद पूर्व CDS जनरल अनिल चौहान ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में युवाओं की सबसे अहम भूमिका होगी. इस लक्ष्य को हासिल करने में युवा सबसे बड़ा योगदान देंगे और विकसित भारत का सबसे अधिक लाभ भी उन्हें ही मिलेगा.

चौहान ने कहा कि वर्तमान वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य बेहद संवेदनशील दौर से गुजर रहा है. दुनिया में शक्ति संतुलन तेजी से बदल रहा है. उन्होंने आशंका जताई कि कुछ विकसित देश भारत को सफल, विकसित और प्रभावशाली राष्ट्र बनते नहीं देखना चाहेंगे और देश की प्रगति के रास्ते में बाधाएं खड़ी कर सकते हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-