जबलपुर. किसी व्यक्ति को जेल में बंद रखने का आदेश जारी करने के मामले में रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की कड़ी नाराजगी का सामना करना पड़ा है. सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि कमिश्नर को इस जिम्मेदारी भरे काम के लिए बुनियादी (बेसिक) ट्रेनिंग की जरूरत है और उन्हें हिरासत से जुड़े नियमों की पूरी जानकारी नहीं है.
यह मामला रीवा निवासी ओमप्रकाश गुप्ता की याचिका से जुड़ा है. कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत ओमप्रकाश को 6 महीने के लिए भोपाल जेल में बंद रखने का आदेश जारी किया था. इसी आदेश को चुनौती देते हुए ओमप्रकाश की ओर से अधिवक्ता आलोक तिवारी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी. चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोकजे और जस्टिस विवेक जैन की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई की. सुनवाई के दौरान पीठ ने कमिश्नर के आदेश में कई गलतियां इंगित कीं. चीफ जस्टिस ने स्पष्ट कहा कि किसी को हिरासत में भेजने या जेल में बंद रखने का आदेश देना बेहद संवेदनशील और जिम्मेदारी का काम है, लेकिन कमिश्नर को इस प्रक्रिया की जरूरी जानकारी स्पष्ट नहीं है.
दोबारा संक्षिप्त जवाब दाखिल करें-
हाईकोर्ट ने कमिश्नर को आदेश में सामने आई गलतियों और कोर्ट द्वारा उठाए गए सवालों पर दोबारा संक्षिप्त जवाब दाखिल करने के लिए दो दिन का समय दिया है. अब अगली सुनवाई में कमिश्नर की ओर से पेश किए जाने वाले जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

