नई दिल्ली. पाकिस्तानी कलाकारों से सजी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की भारत में रिलीज को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर और सनम सईद जैसे चर्चित कलाकारों वाली इस सीरीज की भारतीय रिलीज पर अब सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भी Netflix को निर्देश दिए हैं. सूत्रों के मुताबिक, मंत्रालय ने प्लेटफॉर्म से 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का पालन करने और पाकिस्तान में निर्मित फिल्मों व वेब सीरीज को भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं कराने को कहा है. ऐसे में 4 दिसंबर को प्रस्तावित वैश्विक रिलीज से पहले भारत में इस सीरीज की स्ट्रीमिंग को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है.
Netflix को एडवाइजरी का पालन करने के निर्देश
सूत्रों के अनुसार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने Netflix को जून 2025 में दी गई उसकी प्रतिबद्धता की याद दिलाई है. उस समय प्लेटफॉर्म ने मंत्रालय को बताया था कि भारतीय सब्सक्राइबर्स के लिए पाकिस्तान में निर्मित किसी फिल्म या वेब सीरीज को उपलब्ध नहीं कराया गया है.
अब मंत्रालय ने Netflix से अपने पहले के रुख पर कायम रहने और पूर्व में दिए गए आश्वासन के अनुरूप काम करने को कहा है. दरअसल, पाकिस्तान में बनी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को भारत में रिलीज किए जाने की संभावनाओं को लेकर मंत्रालय को कई शिकायतें मिली थीं. इसके बाद प्लेटफॉर्म को 8 मई 2025 की एडवाइजरी का पालन करने की बात कही गई है.
हालांकि, Netflix ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया है कि सीरीज भारत में स्ट्रीम होगी या नहीं.
AICWA ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर जताया विरोध
सीरीज की भारत में रिलीज को लेकर ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) भी विरोध दर्ज करा चुका है. संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की थी कि इस सीरीज को भारत में रिलीज या स्ट्रीमिंग की अनुमति नहीं दी जाए.
AICWA ने Netflix India समेत सभी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से पाकिस्तानी फिल्मों, वेब सीरीज, गानों, पॉडकास्ट और अन्य मनोरंजन सामग्री का प्रसारण रोकने की अपील की थी. संगठन ने अपनी मांग के समर्थन में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की 8 मई 2025 की एडवाइजरी का भी उल्लेख किया था.
पत्र में पुलवामा और पहलगाम आतंकी हमलों का जिक्र करते हुए पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री के प्रसारण पर आपत्ति जताई गई थी. इसके अलावा संगठन ने ऐसी सामग्री पर स्थायी प्रतिबंध लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कानून बनाने की मांग की थी.
4 दिसंबर को दुनियाभर में रिलीज होगी सीरीज
'जो बचे हैं संग समेट लो' Netflix की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज है, जिसका निर्माण मोमिना दुरैद फिल्म्स के बैनर तले किया गया है. यह फरहत इश्तियाक के वर्ष 2013 में प्रकाशित इसी नाम के उर्दू उपन्यास पर आधारित है.
सीरीज में तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों के जरिए प्यार, रिश्तों, बिछड़ने, माफी और भावनात्मक उतार-चढ़ाव को दर्शाया गया है. इसकी कहानी पाकिस्तान और यूरोप के अलग-अलग हिस्सों में फैली है तथा शूटिंग रोम सहित कई लोकेशन पर हुई है.
इसमें फवाद खान और माहिरा खान एक बार फिर साथ नजर आएंगे. इनके अलावा हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर, हमजा अली अब्बासी, बिलाल अशरफ, माया अली और इकरा अजीज सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं. Netflix ने सीरीज की वैश्विक रिलीज 4 दिसंबर 2026 निर्धारित की है.
भारतीय दर्शकों के लिए रिलीज पर बना हुआ सस्पेंस
सीरीज की अंतरराष्ट्रीय रिलीज की तारीख तय होने के बावजूद भारत में इसके प्रसारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. AICWA के विरोध और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से एडवाइजरी का पालन करने के निर्देश के बाद Netflix के लिए भारतीय बाजार में इसे उपलब्ध कराने का फैसला महत्वपूर्ण हो गया है.
अब सबकी नजर Netflix के आधिकारिक फैसले पर है कि क्या 'जो बचे हैं संग समेट लो' भारत में स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी या भारतीय दर्शक इस सीरीज को नहीं देख पाएंगे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

