नई दिल्ली.भारतीय रेलवे ने देश की रक्षा में अदम्य साहस और शौर्य का परिचय देने वाले वीरता पुरस्कार विजेताओं को बड़ी सौगात दी है. अब छह श्रेणियों के वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिक देशभर की सभी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे. इस सुविधा में सेमी हाईस्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस भी शामिल है. रेल मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय से परामर्श के बाद मुफ्त रेल यात्रा के नियमों का दायरा बढ़ाने का फैसला लिया है.
भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
भारतीय सेना ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर इस फैसले की जानकारी दी. सेना के मुताबिक, रेल मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय की संयुक्त पहल का उद्देश्य देश के लिए साहस, त्याग और समर्पण दिखाने वाले वीर जवानों के योगदान को सम्मान देना है.
नई व्यवस्था लागू होने के बाद वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए ट्रेनों को लेकर पहले से निर्धारित सीमाएं समाप्त हो जाएंगी. हालांकि, उनकी मौजूदा यात्रा श्रेणियों और अन्य पात्रता संबंधी अधिकारों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
पहले चुनिंदा ट्रेनों में ही मिलती थी सुविधा
पुरानी व्यवस्था के तहत पात्र वीरता पुरस्कार विजेताओं को कॉम्प्लिमेंट्री कार्ड पास जारी किए जाते थे. इनके माध्यम से उन्हें जीवनभर मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा मिलती थी. हालांकि, यह पास निर्धारित श्रेणियों और चुनिंदा ट्रेनों में ही मान्य था.
अब रेलवे ने इस व्यवस्था का विस्तार करते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस समेत देश की सभी ट्रेनों को इसमें शामिल कर लिया है.
2014 और 2017 में भी बदले गए थे नियम
रेलवे ने इससे पहले फरवरी 2014 में परमवीर चक्र और महावीर चक्र विजेताओं के कॉम्प्लिमेंट्री पास को राजधानी, शताब्दी और दुरंतो जैसी प्रीमियम ट्रेनों के फर्स्ट एसी और एग्जीक्यूटिव क्लास में मान्य किया था.
इसके बाद अगस्त 2017 में अशोक चक्र और कीर्ति चक्र विजेताओं को भी इसी तरह मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया गया था. अब नई व्यवस्था के तहत इसका दायरा सभी ट्रेनों तक बढ़ा दिया गया है.
इन छह वीरता पुरस्कार विजेताओं को मिलेगा लाभ
रेलवे की विस्तारित मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ निम्नलिखित छह वीरता पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को मिलेगा:
-
परमवीर चक्र
-
अशोक चक्र
-
महावीर चक्र
-
कीर्ति चक्र
-
वीर चक्र
-
शौर्य चक्र
इस फैसले से वीरता पुरस्कार विजेताओं को देशभर में रेल यात्रा करने में अधिक सुविधा मिलेगी. साथ ही, भारतीय रेलवे ने देश के लिए सर्वोच्च साहस और बलिदान का परिचय देने वाले सैनिकों के प्रति सम्मान भी व्यक्त किया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

