जबलपुर.काम से लौट रहे एक युवक के साथ सुनसान घाट पर फिल्मी अंदाज में टक्कर मारकर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बदमाशों ने पहले युवक को आवाज देकर रोका, लेकिन जब वह नहीं रुका तो आरोपियों ने उसकी बाइक में साइड से जोरदार टक्कर मार दी. जमीन पर गिरते ही एक बदमाश ने चाकू अड़ाकर दहशत फैलाई और मोबाइल व बाइक छीनकर फरार हो गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालमाटी उमरिया निवासी 20 वर्षीय सतीश गौंड़ सीएमएम फैक्ट्री सुअरकोल में ट्रैक्टर चालक का काम करता है. 25 नवंबर की शाम करीब 6 बजे वह फैक्ट्री से काम खत्म कर महगवां होते हुए अपनी बिना नंबर की स्पेलेंडर मोटरसाइकिल से घर उमरिया लौट रहा था. इसी दौरान महगवां मोड़ के पास पीछे से एक काले रंग की स्पेलेंडर बाइक पर सवार तीन युवक आए और उसे आवाज दी. सतीश ने अनसुना कर आगे बढ़ना जारी रखा. जब सतीश एयरपोर्ट के सामने घाट से नीचे उतर रहा था, तभी पीछे आ रहे काले रंग की बाइक सवार बदमाशों ने उसकी गाड़ी के अगले टायर में साइड से टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही सतीश बाइक समेत सड़क पर जा गिरा.
इससे पहले कि वह संभल पाता, एक युवक ने चाकू निकाल लिया और उसे जान से मारने की धमकी देते हुए सामान निकालने को कहा. चाकू की नोक देख सतीश बुरी तरह डर गया और उसने अपनी जेब में रखा रियलमी कंपनी का मोबाइल निकालकर सौंप दिया. इसके बाद एक बदमाश सतीश की स्पेलेंडर बाइक उठाकर उस पर सवार हुआ और भाग निकला, जबकि बाकी दोनों आरोपी भी अपनी बाइक से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. रात के अंधेरे के कारण सतीश आरोपियों की बाइक का नंबर नहीं देख सका. पीड़ित की शिकायत पर थाना खमरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

