संविधान दिवस पर जबलपुर रेल मंडल में गूंजे संविधान के आदर्श, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया प्रस्तावना का वाचन

संविधान दिवस पर जबलपुर रेल मंडल में गूंजे संविधान के आदर्श, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया प्रस्तावना का वाचन

प्रेषित समय :18:18:38 PM / Thu, Nov 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को जबलपुर रेल मंडल में भारतीय संविधान के प्रति सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक आदर्शों को अपने जीवन और कार्य व्यवहार में अपनाने का संकल्प लिया.

कार्यक्रम का नेतृत्व अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री दिनेश कुमार कलामे ने किया. इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान में निहित मूल आदर्शों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की. साथ ही अपने कार्यों और जिम्मेदारियों का निर्वहन संवैधानिक भावना के अनुरूप करने की प्रतिबद्धता दोहराई.

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अभय कुमार गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र दीक्षित, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शशांक गुप्ता, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) श्री राहुल जयपुरियार, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री रजनीकांत साहू, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (कोचिंग) श्री अनुराग पांडेय और मंडल कार्मिक अधिकारी श्री पंकज सिंहा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद रहे.

कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना में उल्लेखित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल सिद्धांतों पर विशेष जोर दिया गया. अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इन मूल्यों को अपने कार्य व्यवहार में शामिल करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया.

जबलपुर रेल मंडल की ओर से इस आयोजन के माध्यम से कर्मचारियों को संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ ही एकता, कर्तव्यनिष्ठा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-