इंदौर. देशभर में पेयजल और सिंचाई से जुड़ी सरकारी योजनाओं में इस्तेमाल किए जा रहे एचडीपीई पाइपों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. आरोप है कि कुछ निर्माता निर्धारित भारतीय मानकों का पालन किए बिना रीसाइकिल प्लास्टिक से पाइप तैयार कर रहे हैं, जिससे पाइपों के जल्दी खराब होने, लीकेज और पेयजल दूषित होने का खतरा बढ़ सकता है. इस मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने केंद्र और राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.
15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं में पाइपों की गुणवत्ता पर सवाल
याचिका में दावा किया गया है कि देशभर में पेयजल और सिंचाई से जुड़ी 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी योजनाओं में इस्तेमाल होने वाले पाइपों की गुणवत्ता की प्रभावी निगरानी नहीं हो रही है. निर्धारित मानकों के विपरीत तैयार किए गए पाइप जल्दी फट सकते हैं या उनमें लीकेज हो सकता है. इससे पेयजल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने के साथ पानी दूषित होने की आशंका भी जताई गई है.
इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी की घटना में 36 लोगों की मौत के बाद पाइपों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था से जुड़ा यह मामला अदालत पहुंचा है.
रीसाइकिल प्लास्टिक से पाइप बनाने का आरोप
याचिकाकर्ता घनश्याम गुप्ता की ओर से अधिवक्ता अमोल श्रीवास्तव ने जनहित याचिका दायर की है. सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि एचडीपीई पाइप निर्माण में निर्धारित मानकों के अनुसार वर्जिन पॉलीथिलीन रेजिन का इस्तेमाल किया जाना चाहिए. सीमित मात्रा में निर्माता का अपना रीवर्क मटेरियल इस्तेमाल करने की अनुमति होती है.
याचिका में आरोप लगाया गया है कि कुछ निर्माता तीन परतों वाली तकनीक का उपयोग कर पाइप की बीच वाली परत में रीसाइकिल प्लास्टिक डाल रहे हैं. इससे पाइपों की मजबूती और टिकाऊपन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है.
BIS की निगरानी व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
याचिकाकर्ता ने भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) की निगरानी प्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि पाइप निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की खरीद और उत्पादन प्रक्रिया का नियमित एवं प्रभावी ऑडिट नहीं हो रहा है.
मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार को नोटिस जारी कर छह सप्ताह के भीतर जवाब पेश करने का समय दिया है. साथ ही जल संसाधन विभाग के संबंधित सर्कुलर का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
स्वतंत्र जांच और निगरानी व्यवस्था बनाने की मांग
जनहित याचिका में एचडीपीई पाइपों की गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच कराने, निर्माताओं के रिकॉर्ड का ऑडिट करने और सरकारी विभागों के बीच समन्वित निगरानी व्यवस्था विकसित करने की मांग की गई है.
मामले की अगली सुनवाई 1 फरवरी 2027 से शुरू होने वाले सप्ताह में प्रस्तावित है. अदालत में सरकारों के जवाब के बाद पाइपों की गुणवत्ता और सरकारी योजनाओं में इस्तेमाल होने वाले निर्माण सामग्री की निगरानी को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकती है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

