जबलपुर. 69वीं अखिल भारतीय अंतर-रेलवे पुरुष बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल करने वाली पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर की पुरुष बास्केटबॉल टीम का वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन (WCREU) कार्यालय में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया. इस दौरान खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर और ट्रॉफी भेंटकर उत्साहवर्धन किया गया.
उल्लेखनीय है कि 17 से 24 नवंबर 2026 तक कोलकाता के बेहाला स्थित ईस्टर्न रेलवे इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर की 22 रेलवे टीमों ने हिस्सा लिया था. कड़े मुकाबलों के बीच पश्चिम मध्य रेलवे की टीम ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और बेहतर टीम वर्क का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पश्चिम मध्य रेलवे के साथ-साथ जबलपुर मंडल का भी गौरव बढ़ा है.
WCREU के जबलपुर मंडल कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में मंडल सचिव रोमेश मिश्रा सहित कॉमरेड जरनैल सिंह, त्रिलोक नायडू, संतोष यादव, रणवीर सिंह, रंजीत दुबे, रामभजन गुप्ता, निशांत ठाकुर, सुशांत दुबे, चंदन गुप्ता और अमरजीत यादव सहित बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे.
समारोह के दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और उपलब्धि की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया. साथ ही टीम के सभी खिलाड़ियों, कोच और सपोर्ट स्टाफ को बधाई दी गई. पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि टीम आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर नई उपलब्धियां हासिल करेगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

