MP हाईकोर्ट पुलिस की कार्यप्रणाली पर सख्त, कहा- ‘बेलगाम घोड़ा’ बन गया पुलिस महकमा

 MP हाईकोर्ट पुलिस की कार्यप्रणाली पर सख्त, कहा- ‘बेलगाम घोड़ा’ बन गया पुलिस महकमा

प्रेषित समय :14:29:10 PM / Fri, Nov 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ग्वालियर. मध्य प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली, लापरवाही और महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाने की कोशिश पर ग्वालियर हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है. हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए तल्ख टिप्पणी की कि पुलिस महकमा ‘बेलगाम घोड़ा’ बनता जा रहा है. अदालत ने कहा कि पुलिस के आला अधिकारी नागरिकों के जीवन और स्वतंत्रता के अधिकारों के साथ-साथ कानून के सम्मान को भी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं.

जस्टिस जीएस अहलूवालिया और जस्टिस अनुराधा शुक्ला की डिवीजन बेंच ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आदेश की प्रति मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को भेजने के निर्देश दिए हैं, ताकि पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली की वास्तविक स्थिति शासन के संज्ञान में आ सके.

34 मांग-पत्रों में से 31 दबाए गए

सुनवाई के दौरान पुलिस विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई. रिकॉर्ड के मुताबिक, पुलिस लाइन के रिजर्व इंस्पेक्टर (आरआई) को कुल 34 मांग-पत्र प्राप्त हुए थे, लेकिन इनमें से केवल तीन पर ही कार्रवाई की गई, जबकि शेष 31 मांग-पत्रों को दबा दिया गया. हैरानी की बात यह रही कि पहले कोर्ट में पेश किए गए जवाब में इस महत्वपूर्ण तथ्य का उल्लेख तक नहीं किया गया. पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना की ओर से प्रस्तुत टिप्पणियों में विभाग को क्लीन चिट देते हुए कहा गया था कि पुलिस की ओर से कोई उदासीनता नहीं बरती गई. साथ ही यह दलील भी दी गई कि आपराधिक अपील में जमानत आवेदन के दौरान कैदी के जीवन और स्वतंत्रता का सवाल नहीं उठता. इस पर हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि डीजीपी ने रिकॉर्ड का ठीक से अवलोकन किए बिना ही खुद को और अपने विभाग को ईमानदारी का प्रमाणपत्र दे दिया. अदालत ने टिप्पणी की कि डीजीपी की जानकारी और मार्गदर्शन में ही तथ्यों को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है. कोर्ट ने यह भी कहा कि ऐसा करके उन अधिकारियों को बचाने की कोशिश की जा रही है, जिन्हें नागरिकों के जीवन और स्वतंत्रता के अधिकारों की परवाह नहीं है.

कैंसर पीड़ित कैदी को एम्स में नहीं मिला इलाज

दरअसल, यह पूरा मामला जेल में बंद कैंसर पीड़ित नरहरि से जुड़ा है, जिसे बेहतर इलाज के लिए एम्स नहीं भेजा जा सका. मामले में सामने आई प्रशासनिक और पुलिस विभाग की गड़बड़ियों को लेकर हाईकोर्ट ने गंभीर सवाल उठाए हैं.

एसएसपी की दलील से संतुष्ट नहीं हुआ कोर्ट

हाईकोर्ट के निर्देश पर ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश हुए. उन्होंने बताया कि रिजर्व इंस्पेक्टर रंजीत सिंह सिकरवार और एक आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है. साथ ही कहा कि विभागीय जांच पूरी होने तक उनका निलंबन जारी रहेगा. हालांकि, एसएसपी द्वारा प्रारंभिक जांच एडिशनल एसपी को सौंपने और इसके लिए एक महीने का समय मांगने पर अदालत ने आपत्ति जताई. एसएसपी ने स्वयं के ट्रेनिंग पर होने का हवाला भी दिया, लेकिन कोर्ट ने इस दलील को स्वीकार करने से इनकार कर दिया. अदालत ने कहा कि एसएसपी का रवैया अनुशासनहीनता और नागरिकों के मौलिक अधिकारों के प्रति तिरस्कार को बढ़ावा देने वाला है.

न्यायिक दस्तावेजों में छेड़छाड़ का मामला भी आया सामने

सुनवाई के दौरान न्यायिक दस्तावेजों में कथित छेड़छाड़ का मामला भी सामने आया. रिकॉर्ड के अनुसार, 25 नवंबर को नियमित रीडर हरिओम शर्मा ने अनुपालन रिपोर्ट पेश करने की अनुमति दी थी. लेकिन स्थानापन्न रीडर मोहम्मद साबिर ने उस अनुमति को काट दिया और 26 नवंबर को बिना अदालत की अनुमति के नई अनुमति दर्ज कर दी.

इस घटनाक्रम ने मामले को और गंभीर बना दिया है. हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणियों और मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव को आदेश की प्रति भेजने के निर्देश से स्पष्ट है कि अदालत ने पुलिस विभाग की जवाबदेही और नागरिकों के मौलिक अधिकारों के संरक्षण को लेकर गंभीर रुख अपनाया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-