उत्तर भारत में बढ़ी ठंड की दस्तक, कश्मीर में माइनस में पहुंचा तापमान; 13 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट

उत्तर भारत में बढ़ी ठंड की दस्तक, कश्मीर में माइनस में पहुंचा तापमान; 13 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट

प्रेषित समय :10:59:09 AM / Fri, Nov 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. उत्तर भारत में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी और उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के कारण मैदानी राज्यों में भी तापमान तेजी से गिर रहा है. जम्मू-कश्मीर में पारा शून्य से नीचे पहुंच चुका है, वहीं राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है. मौसम में आए इस बदलाव के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत 13 राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. वहीं, दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश होने का अनुमान है.

कश्मीर में बढ़ी ठिठुरन, पहलगाम में माइनस 3.2 डिग्री पहुंचा पारा

जम्मू-कश्मीर में सर्दी का असर लगातार तेज होता जा रहा है. गुरुवार को पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, श्रीनगर में पारा गिरकर माइनस 1.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. यह इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही. कुलगाम में भी तापमान में भारी गिरावट के चलते पेड़ों की टहनियों पर बर्फ जमने लगी है.

इधर, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी ठंड का असर बढ़ रहा है. गुरुवार को दोनों राज्यों के 22 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. राजस्थान के फतेहपुर में सबसे कम 4.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि मध्य प्रदेश के करौंदी में पारा 6.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. दक्षिण भारत में भी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है. आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

दिल्ली, पंजाब और यूपी समेत 13 राज्यों में कोहरे का अलर्ट

तापमान में गिरावट के साथ उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कोहरे का प्रभाव भी बढ़ने लगा है. मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत 13 राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. सुबह के समय कोहरे की वजह से सड़कों पर दृश्यता कम होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है. वहीं, दक्षिण भारत के राज्यों में मौसम का अलग ही मिजाज देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में केरलम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों में पूर्वी हवाओं के प्रभाव से बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है.

28 और 29 नवंबर को भी ठंड और कोहरे से नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 और 29 नवंबर को भी उत्तर भारत के कई राज्यों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश के अलावा पूर्वोत्तर के नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. राजस्थान में लगातार दूसरे दिन शीतलहर चलने की आशंका है. इसके अलावा आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए सुबह और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-