प्रयागराज. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की पीसीएस 2025 भर्ती परीक्षा को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. कोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा (प्रीलिम्स) के घोषित परिणाम को रद्द करते हुए आयोग को आरक्षण और मेरिट के नियमों के अनुसार नए सिरे से चयन सूची तैयार करने का निर्देश दिया है. इस फैसले का असर पूरी चयन प्रक्रिया पर पड़ेगा. संशोधित मेरिट के आधार पर मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की प्रक्रिया भी दोबारा आयोजित करनी होगी.
आरक्षित वर्ग के मेधावी अभ्यर्थियों को ओपन कैटेगरी में जगह नहीं देने पर विवाद
मामले की जड़ आरक्षित वर्ग के उन अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी (ओपन कैटेगरी) की मेरिट में शामिल नहीं करना था, जिन्होंने सामान्य श्रेणी की कटऑफ से अधिक अंक हासिल किए थे. अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि अधिक अंक होने के बावजूद उन्हें ओपन कैटेगरी में चयन का लाभ नहीं दिया गया.
याचिकाकर्ताओं का कहना था कि सामान्य श्रेणी किसी विशेष वर्ग के लिए आरक्षित नहीं है. इसमें सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और मेरिट के आधार पर स्थान मिलना चाहिए. मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने आयोग को निर्देश दिया कि सामान्य श्रेणी की कटऑफ से अधिक अंक पाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को ओपन कैटेगरी की मेरिट में शामिल कर संशोधित परिणाम जारी किया जाए. कोर्ट ने आयोग से श्रेणीवार चयनित अभ्यर्थियों के अंकों का विवरण भी मांगा है.
814 पदों के लिए 6.26 लाख अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
यूपीपीएससी ने पीसीएस 2025 के तहत 814 पदों पर भर्ती के लिए फरवरी से अप्रैल 2025 के बीच आवेदन आमंत्रित किए थे. इस भर्ती के लिए कुल 6 लाख 26 हजार 387 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. अक्टूबर 2025 में आयोजित प्रारंभिक परीक्षा में 2 लाख 65 हजार 270 अभ्यर्थी शामिल हुए थे.
आयोग ने एक दिसंबर को प्रीलिम्स का परिणाम घोषित किया था, जिसमें 11 हजार 727 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया. इसके बाद 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक मुख्य परीक्षा आयोजित हुई. इसमें 10 हजार 284 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था. मुख्य परीक्षा के परिणाम के आधार पर 2 हजार 297 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया था.
प्रीलिम्स का पेपर नहीं होगा दोबारा, पुराने अंकों से तैयार होगी नई मेरिट
हाईकोर्ट के फैसले के बाद अभ्यर्थियों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या प्रारंभिक परीक्षा दोबारा आयोजित होगी. इस पर याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता अभिषेक शुक्ला ने स्पष्ट किया कि प्रीलिम्स का पेपर दोबारा नहीं कराया जाएगा. पहले आयोजित परीक्षा में अभ्यर्थियों को मिले अंकों के आधार पर ही आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए नई मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी.
संशोधित परिणाम में नए अभ्यर्थियों के चयनित होने की स्थिति में आयोग को मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की प्रक्रिया नए सिरे से करानी होगी. ऐसे में पहले से मुख्य परीक्षा दे चुके और इंटरव्यू के लिए चयनित अभ्यर्थियों की आगे की प्रक्रिया भी कोर्ट के आदेश के अनुसार प्रभावित होगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

