मुंबई. आईपीएल 2027 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी एक बार फिर रोहित शर्मा के हाथों में होगी. फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार, 27 नवंबर को आधिकारिक घोषणा करते हुए रोहित को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है. तीन साल के लंबे अंतराल के बाद रोहित की कप्तानी में वापसी से मुंबई इंडियंस के प्रशंसकों में खुशी की लहर है. अब एक बार फिर टीम में हिटमैन का कप्तानी वाला अंदाज देखने को मिलेगा.
5:45 बजे कप्तानी का ऐलान, पांच ट्रॉफी और 45 नंबर का खास कनेक्शन
मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की कप्तानी का ऐलान करने के लिए खास रणनीति अपनाई. फ्रेंचाइजी ने गुरुवार शाम 5:45 बजे सोशल मीडिया पर एक टीजर जारी कर 24 घंटे बाद बड़े ऐलान का संकेत दिया था. इसके ठीक 24 घंटे बाद शुक्रवार शाम 5:45 बजे रोहित शर्मा को कप्तान बनाने की घोषणा कर दी गई.
इस समय का रोहित के करियर से भी खास जुड़ाव है. 5 का अंक उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस द्वारा जीते गए पांच आईपीएल खिताबों का प्रतीक है, जबकि 45 रोहित की जर्सी का नंबर है. फ्रेंचाइजी ने इस तरह अपने ऐलान को यादगार बना दिया.
27 नवंबर को ही हुई थी हार्दिक पांड्या की मुंबई में वापसी
रोहित शर्मा की कप्तानी में वापसी के साथ 27 नवंबर की तारीख भी चर्चा में आ गई है. तीन साल पहले 27 नवंबर 2023 को ही हार्दिक पांड्या गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस में लौटे थे. उस समय उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई थी. अब ठीक तीन साल बाद इसी तारीख को रोहित की कप्तानी में वापसी का ऐलान किया गया है.
हार्दिक की कप्तानी में नहीं जीत पाई मुंबई इंडियंस
आईपीएल 2024 से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा फैसला लेते हुए रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को टीम की कमान सौंप दी थी. हालांकि, हार्दिक की अगुवाई में पिछले तीन सीजन टीम के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे और मुंबई कोई खिताब नहीं जीत सकी.
आईपीएल 2027 के ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली के तहत मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड कर दिया. इसके बदले टीम में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को शामिल किया गया. हार्दिक के टीम से जाने के बाद कप्तानी का पद खाली था, जिस पर अब रोहित शर्मा की नियुक्ति के साथ विराम लग गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

