इंदौर. खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में प्रतिबंध के बावजूद प्रवेश करने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है. विधायक गोलू शुक्ला के पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला के नियमों का उल्लंघन कर गर्भगृह में प्रवेश करने के मामले में मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की तैयारी की गई है. इस मामले में कुल पांच लोगों पर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें रुद्राक्ष शुक्ला, मंदिर के पुजारी, प्रबंधन से जुड़े अधिकारी और सुरक्षा कर्मचारी शामिल हैं.
कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया है कि गर्भगृह में प्रवेश को लेकर निर्धारित नियमों का उल्लंघन हुआ है और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
मंदिर प्रबंधक और सहायक प्रबंधक को नोटिस
मामले को लेकर मंदिर प्रबंधक घनश्याम शुक्ला और सहायक प्रबंधक गौरीशंकर मिश्रा को नोटिस जारी किया गया है. प्रशासन ने मंदिर में नियमों के पालन और व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी को लेकर उनसे जवाब मांगा है.
इसके अलावा जिस समय रुद्राक्ष शुक्ला गर्भगृह में प्रवेश कर रहे थे, उस दौरान ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. उसे बर्खास्त किए जाने की तैयारी है.
गर्भगृह की पूजा व्यवस्था देखने वाले पुजारियों से मांगा जवाब
गर्भगृह में पूजा व्यवस्था संभालने वाले भट्ट परिवार के दोनों पुजारियों को भी तलब किया गया है. प्रशासन उनसे इस घटना को लेकर स्पष्टीकरण मांगेगा. अधिकारियों का कहना है कि मंदिर में प्रवेश से संबंधित नियम सभी के लिए समान हैं और किसी भी तरह की लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा.
वीडियो वायरल होने के बाद सामने आया मामला
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया गया कि बुधवार रात विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला खजराना गणेश मंदिर पहुंचे और प्रतिबंधित गर्भगृह में प्रवेश किया. वीडियो में उन्हें भगवान की प्रतिमा और पुजारी के साथ रील बनाते हुए दिखाए जाने का दावा किया गया.
मंदिर के गर्भगृह में आम दर्शनार्थियों के प्रवेश पर प्रतिबंध है. ऐसे में वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया. मंदिर के पुजारियों ने भी रुद्राक्ष के मंदिर आने की पुष्टि की और बताया कि वह हर बुधवार की तरह मंदिर पहुंचे थे. उन्होंने यह भी कहा कि रुद्राक्ष कई बार गर्भगृह में जाते हैं.
विधायक ने वीडियो को बताया पुराना
विधायक गोलू शुक्ला ने वायरल वीडियो को पुराना बताते हुए आरोप लगाया कि इसके जरिए उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है. हालांकि जिला प्रशासन ने गर्भगृह में नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
इससे पहले उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में भी रुद्राक्ष शुक्ला के प्रवेश और फोटो खिंचवाने का मामला सामने आया था. उस घटना के बाद महाकाल मंदिर समिति के कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई की गई थी. अब खजराना मंदिर के मामले में भी प्रशासन की सख्ती चर्चा में है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

