बारामूला. जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि 11 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसा उरी के गोहल्लन इलाके में हुआ, जहां एक चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय वाहन में पांच लोग सवार थे. दुर्घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल उप-जिला अस्पताल उरी ले जाया गया. यहां उपचार के दौरान चार लोगों की मौत हो गई. वहीं, गंभीर हालत में घायल 11 वर्षीय बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज बारामूला रेफर किया गया है. दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर JK01P-2583 बताया गया है.
मृतकों की पहचान 26 वर्षीय सैयद शफीक शाह, उनकी 25 वर्षीय पत्नी रशीदा बानो, 17 वर्षीय दिलनाज फातिमा और 27 वर्षीय शाहिदा फातिमा के रूप में हुई है. वहीं, हादसे में घायल बच्ची की पहचान 11 वर्षीय मनाज फातिमा के रूप में की गई है.
इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गोहल्लन और आसपास के इलाकों में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

