नई दिल्ली. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच इंडिगो एयरलाइन ने सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ान सेवाओं में बदलाव किया है. एयरलाइन ने जेद्दा और मदीना के लिए चुनिंदा उड़ानें फिर से शुरू कर दी हैं, जबकि रियाद और दम्माम के लिए उड़ानों का निलंबन 7 दिसंबर 2026 तक बढ़ा दिया है.
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी एडवाइजरी में बताया कि मौजूदा सुरक्षा हालात और परिचालन संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. एयरलाइन के मुताबिक, रियाद और दम्माम के लिए अगले 10 दिनों तक उड़ानें संचालित नहीं होंगी. इस फैसले से प्रभावित यात्रियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल के माध्यम से जानकारी दी जा रही है. इंडिगो ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर अपनी उड़ान की स्थिति और नए शेड्यूल की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें.
भारतीय दूतावास ने भी साझा की एडवाइजरी
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भी इंडिगो की ओर से जारी एडवाइजरी साझा की है. इसमें बताया गया है कि जेद्दा और मदीना के लिए कुछ उड़ानें बहाल कर दी गई हैं, लेकिन रियाद और दम्माम के लिए विमान सेवाएं फिलहाल बंद रहेंगी.
रिफाइनरी पर हमले के बाद बढ़ी सुरक्षा चिंताएं
इंडिगो का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब मिडिल ईस्ट में सुरक्षा हालात को लेकर चिंता बढ़ रही है. 26 नवंबर 2026 को सऊदी अरब के जाजान क्षेत्र में एक तेल रिफाइनरी पर हूती विद्रोहियों के हमले की खबर सामने आई थी. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. हमले के बाद कई खाड़ी देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने इसकी निंदा की थी. अरब लीग ने सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के लगातार हमलों को आतंकवादी गतिविधि करार देते हुए कहा कि तेल प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण वित्तीय ढांचे को निशाना बनाना देश की संप्रभुता का उल्लंघन है.
वहीं, गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (जीसीसी) के महासचिव जासेम मोहम्मद अल-बुदैवी ने हमले को क्षेत्रीय तनाव बढ़ाने वाला बताया और सऊदी अरब के प्रति समर्थन जताया. कतर ने भी हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया. साथ ही सऊदी अरब की सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए उठाए गए कदमों का समर्थन किया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

