संभल. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को संभल जिले के बहजोई पहुंचे. यहां उन्होंने राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के बेटे के वलीमे में शिरकत की. इस दौरान मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने संभल के लोगों की तारीफ करते हुए कहा कि यहां के लोग अच्छे हैं और अमन-चैन के साथ रहना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि संभल से नेताजी मुलायम सिंह यादव चुनाव जीत चुके हैं, जबकि प्रोफेसर रामगोपाल यादव भी यहां सांसद रहे हैं.
किसान, बेरोजगारी और चीन सीमा विवाद पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में किसान परेशान हैं और बेरोजगारी की समस्या बनी हुई है. चीन के साथ सीमा विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि देश की सीमाएं सिकुड़ रही हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार को देश की सीमाओं की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन इसके बजाय वह लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं बांटने में जुटी है. अखिलेश ने आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए सरकार अपने राजनीतिक हितों को साधने के लिए लोकसभा क्षेत्रों का पुनर्विभाजन करना चाहती है.
महिला आरक्षण के समर्थन में, परिसीमन बिल का विरोध
महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर सपा प्रमुख ने अपना रुख स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल का विरोध करेगी.
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि परिसीमन के नाम पर देश को बांटने की कोशिश की जा रही है. उनके मुताबिक, सरकार इस प्रक्रिया का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए करना चाहती है.
आजम खान और अखिलेश के पोस्टर पर भाजपा को घेरा
लखनऊ में आजम खान और अखिलेश यादव के नाम से लगाए गए पोस्टरों को लेकर भी सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि ये पोस्टर भाजपा लगवा रही है और पार्टी पहले भी इस तरह की गतिविधियां करती रही है.
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अगर भाजपा पोस्टर लगवा रही है, तो सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पोस्टर लगना चाहिए. उन्होंने कहा कि भाजपा इसी बात से डरती है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

