मुरादाबाद.उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 से अधिक यात्री घायल हो गए. छजलैट थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर ग्राम लदावली के पास रोडवेज बस और गन्ने की खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. मृतकों में दो महिलाएं और एक पांच साल का बच्चा शामिल हैं. हादसे में बच्चे की मां के पति भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
आमने-सामने हुई दोनों वाहनों की भिड़ंत
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के मुरादाबाद डिपो की बस (UP 78 LN 7524) छजलैट की ओर से मुरादाबाद आ रही थी. इसी दौरान ग्राम लदावली स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही गन्ने की खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली से बस की भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का चालक साइड वाला हिस्सा बुरी तरह प्रभावित हुआ. हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार गूंजने लगी.
मां-बेटे समेत चार लोगों ने तोड़ा दम
इस दर्दनाक हादसे में छजलैट के ग्राम सदूपुरा निवासी जॉनसन मसीह की पत्नी अर्चना (30) और उनके पांच वर्षीय बेटे सुशांत की मौके पर ही मौत हो गई. इसके अलावा बिजनौर जिले के ग्राम रतनगढ़, थाना शिवाला कलां निवासी लोकेंद्र (50), पुत्र जुगल किशोर और ग्राम कोट, थाना नूरपुर निवासी दीपा उर्फ दीपिका चौहान (30), पत्नी प्रखत चौहान ने भी दम तोड़ दिया.
हादसे में अर्चना के पति जॉनसन मसीह (35) गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है.
पुलिस ने शुरू कराया राहत-बचाव कार्य
दुर्घटना की सूचना मिलते ही छजलैट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया. वहीं, गंभीर रूप से घायल जॉनसन को भी अस्पताल पहुंचाया गया. बस में सवार 11 से अधिक अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं. इनमें से कुछ घायल यात्री अपने स्तर पर उपचार कराने के लिए अस्पताल चले गए.
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

