पौड़ी गढ़वाल.उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. रिखणीखाल ब्लॉक के कलवाड़ी के पास यात्रियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में सात महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है. वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं. गंभीर रूप से घायलों को जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था करने को भी कहा है.
दीदी-भुली योजना के आवेदन जमा कर लौट रही थीं महिलाएं
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी थीं. वे रिखणीखाल में दीदी-भुली योजना के आवेदन फॉर्म जमा कराने गई थीं. वहां से लौटते समय कलवाड़ी के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा. इसके बाद कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी.
बताया जा रहा है कि कार में कुल 12 लोग सवार थे. सभी भंगलवाड़ गांव के निवासी थे और रिखणीखाल से अपने गांव लौट रहे थे. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया.
खाई से चार घायलों को सुरक्षित निकाला
हादसा इतना भीषण था कि कार करीब 300 मीटर नीचे खाई में जा गिरी. रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद चार घायलों को बाहर निकाला. सभी को रिखणीखाल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. अधिकारियों ने हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है.
मृतकों में सात महिलाएं, चालक की भी गई जान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कांती देवी (45), रेखा देवी (42), सुमित्रा देवी (50), सुनीता देवी (45), धनेश्वरी देवी (46), सरोजनी देवी (38), रजनी देवी (25) और कार चालक अनिल देबराड़ा (48) के रूप में हुई है.
वहीं, हादसे में शशि देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह और सत्यवती देवी (36) घायल हुए हैं. सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

