मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज बाजार स्थित केशव चौक पर अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। आरोप है कि विपणन केंद्र की छत से ईंट-पत्थर बरसाए गए, जिससे बुलडोजर का शीशा और हेडलाइट टूट गई। घटना में करीब आधा दर्जन राहगीरों के चोटिल होने की भी जानकारी सामने आई है। अचानक हुए हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
प्रशासनिक टीम पर अचानक हमला, भागकर बचाई जान
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान केशव चौक पर पहुंचते ही कुछ लोगों ने प्रशासनिक टीम पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव के दौरान नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मो. फिरोज बाल-बाल बच गए। हमले के बाद टीम के सदस्यों को मौके से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी।
सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी बढ़ने के बाद उपद्रवी मौके से भाग गए। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
एक सप्ताह पहले दुकानदारों को दिया गया था नोटिस
बताया जा रहा है कि प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए दुकानदारों को एक सप्ताह पहले ही सूचना दे दी थी। उन्हें सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर रखे सामान को हटाने तथा अवैध कब्जे खाली करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद जिला प्रशासन और नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया।
नवल किशोर चौक से शुरू हुई कार्रवाई
अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत नवल किशोर चौक से की गई। इसके बाद सड़क के उत्तरी हिस्से में सड़क किनारे और नालों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू हुई।
प्रशासनिक टीम ने बस स्टैंड, गांधी चौक, गोला रोड और केशव चौक समेत प्रमुख बाजारों और चौराहों पर अतिक्रमण हटाया। अभियान के दौरान नवल किशोर चौक से ब्रजनंदन चौक, गांधी चौक, अस्पताल रोड, ब्लॉक गेट, केशव चौक और इंद्रदेव चौक तक सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
प्रशासन की सख्ती को देखते हुए कई दुकानदारों ने कार्रवाई शुरू होने से पहले ही स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लिया था।
उपद्रवियों की पहचान में जुटा प्रशासन
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मो. फिरोज ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान उपद्रवियों ने पथराव किया। उनकी पहचान की जा रही है। मामले में साहेबगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है।
पथराव में बुलडोजर का शीशा और हेडलाइट क्षतिग्रस्त हुई है। प्रशासन अब हमले में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई करने में जुटा है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

