नई दिल्ली. लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' के पांचवें सीजन को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है. इस बीच इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेट कप्तान केविन पीटरसन की एक BTS तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है. तस्वीर में पीटरसन सीरीज के कलाकार दुर्गेश कुमार और आसिफ खान के साथ नजर आ रहे हैं. दोनों कलाकार पंचायत में बनराकस और दामाद जी के किरदारों से लोकप्रिय हैं. पीटरसन के देसी अंदाज को देखकर फैंस अब उनके सीजन 5 में दिखाई देने की संभावना जता रहे हैं.
देसी अंदाज में नजर आए केविन पीटरसन
तस्वीर में केविन पीटरसन कुर्ते के ऊपर नीली नेहरू जैकेट पहने और सिर पर चेकदार गमछा बांधे नजर आ रहे हैं. उनका लुक पूरी तरह ग्रामीण परिवेश से मेल खाता दिखाई दे रहा है. फोटो के साथ उन्होंने केवल 'पंचायत' लिखा, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके भारतीय वेब सीरीज में नजर आने को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं.
दुर्गेश कुमार और आसिफ खान के साथ पीटरसन की तस्वीर ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है. कई फैंस ने उनके पहनावे की तारीफ करते हुए कहा कि वह बाकी कलाकारों के मुकाबले भी ज्यादा देसी लग रहे हैं. कुछ यूजर्स ने उन्हें पंचायत के नए सीजन में देखने की इच्छा जताई, जबकि अन्य ने मजाकिया अंदाज में उनके आधार कार्ड तक बनवाने की बात कही.
क्या 'पंचायत 5' में नजर आएंगे केविन पीटरसन?
पीटरसन की इस तस्वीर के सामने आने के बाद उनके सीरीज में कैमियो या किसी खास भूमिका में नजर आने की अटकलें लगाई जा रही हैं. हालांकि, केवल BTS फोटो से उनके सीजन 5 में अभिनय करने की पुष्टि नहीं होती है. फिलहाल तस्वीर ने नए सीजन को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है.
सीरीज में नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, सुनीता राजवार, फैसल मलिक, चंदन रॉय, दुर्गेश कुमार और आसिफ खान जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आते हैं.
3 दिसंबर को रिलीज होगा 'पंचायत 5'
'पंचायत 5' का प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होने वाला है. मेकर्स ने 23 नवंबर को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के एक गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नए सीजन का ट्रेलर भी जारी किया था.
पीटरसन की तस्वीर को उनके 20 नवंबर के सोशल मीडिया पोस्ट से भी जोड़कर देखा जा रहा है. उस पोस्ट में उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू करने को लेकर मजेदार अंदाज में बात की थी. पहले फैंस ने इसे मजाक माना था, लेकिन अब पंचायत के कलाकारों के साथ उनकी तस्वीर सामने आने के बाद उस पोस्ट को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

