महिलाओं से मारपीट के बाद जेसीबी से ढहाया मकान, ट्रैक्टर से ले गए ईंटें

महिलाओं से मारपीट के बाद जेसीबी से ढहाया मकान, ट्रैक्टर से ले गए ईंटें

प्रेषित समय :19:46:27 PM / Sat, Nov 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. जबलपुर जिले के सिहोरा क्षेत्र के ग्राम उमरिया ढीरिहा में जमीन और मकान हथियाने के कथित विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है. गांव के निवासी गोविंद कुम्हार पिता परम लाल ने सरपंच के बेटों समेत अन्य लोगों के खिलाफ मझौली थाने में लिखित आवेदन देकर मारपीट, मकान ध्वस्त करने और निर्माण सामग्री ले जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं. इस घटना के बाद गांव में तनाव और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.

शिकायत में किए गए दावों के अनुसार, बीते शनिवार को सरपंच के बेटों के साथ विपिन सिंह राजपूत, सतेंद्र राजपूत, गुमान राजपूत तथा कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंचे. पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने सबसे पहले घर की महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी. महिलाओं पर हुए हमले के बाद जब परिवार के पुरुषों ने विरोध किया या बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की. अचानक हुए इस घटनाक्रम से घर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.

गोविंद कुम्हार ने अपने आवेदन में बताया कि मारपीट की घटना के बाद आरोपियों ने जेसीबी मशीन के जरिए उनके मकान को गिरा दिया. शिकायत के मुताबिक, मकान ढहाने के बाद उसकी ईंटों को ट्रैक्टर में भरकर वहां से ले जाया गया. पीड़ित का आरोप है कि यह पूरी कार्रवाई मकान और जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से की गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक और मानसिक नुकसान उठाना पड़ा है.

पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद से आरोपियों द्वारा परिवार को गालियां दी जा रही हैं और जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं. धमकियों के चलते परिवार के सदस्य खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और भय के माहौल में दिन गुजारने को विवश हैं.

मामले को लेकर गोविंद कुम्हार ने मझौली थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच करने और संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही पीड़ित ने अपने परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने तथा मकान व संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई दिलाने की गुहार भी लगाई है. पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-