जबलपुर में राजस्व विभाग के बाबू का मोबाइल फोन हैक कर खाते से उड़ाए 98 हजार रुपए

जबलपुर में राजस्व विभाग के बाबू का मोबाइल फोन हैक कर खाते से उड़ाए 98 हजार रुपए

प्रेषित समय :15:30:09 PM / Sat, Nov 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर में साइबर अपराधियों ने अब लोगों की गाढ़ी कमाई लूटने के लिए रोंगटे खड़े कर देने वाला नया पैंतरा आजमाया है. गढ़ा थाना क्षेत्र के बीटी तिराहा इलाके में एक अज्ञात शातिर हैकर ने राजस्व विभाग के लिपिक का मोबाइल पलक झपकते ही हैक कर लिया और देखते ही देखते बैंक खाते से 98 हजार रुपए उड़ा दिए. यह वारदात डिजिटल सुरक्षा के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है और इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.

पुलिस से मिली चौंकाने वाली जानकारी के मुताबिक, बीटी तिराहा निवासी श्रीमती भवानी सिंगरहा 65 वर्ष ने गढ़ा थाने पहुंचकर इस हाईटेक ठगी की शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि उनका बेटा पवन सिंगरहा राजस्व विभाग में लिपिक के पद पर सेवाएं दे रहा है. उसका खाता सेंट्रल बैंक में है और वह रोजमर्रा के लेनदेन के लिए मोबाइल में फोन-पे ऐप का इस्तेमाल करता है. 14 नवंबर 2026 की दोपहर करीब 1 बजे का वक्त था. पवन सामान्य रूप से अपना मोबाइल चला रहा था, तभी अचानक स्क्रीन पर फोन अपने आप अपडेट होने लगा.

कुछ ही पल में जब अपडेट थमा और पवन ने अपना फोन-पे ऐप खोला, तो उसके होश उड़ गए. ऐप के ट्रांजैक्शन हिस्ट्री में मनप्रीत नामक व्यक्ति के नाम पर 98 हजार रुपए ट्रांसफर होने का संदेश चमक रहा था, जबकि पवन ने कोई भुगतान किया ही नहीं था. अनहोनी की आशंका से घबराए पवन ने तुरंत बैंक स्टेटमेंट निकलवाया, जिससे इस सनसनीखेज धोखाधड़ी की परतें खुलीं और साफ हो गया कि किसी अज्ञात साइबर ठग ने दूर बैठे मोबाइल हैक कर बड़ी रकम पार कर ली है. पीडि़त पक्ष की रिपोर्ट पर गढ़ा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है. अब पुलिस डिजिटल ट्रेल और बैंक विवरण के आधार पर उस शातिर हैकर तक पहुंचने की जद्दोजहद में जुटी है, जिसने पलभर में मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर दिया.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-