पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय में मनाया गया आईआरएएस दिवस, वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता पर दिया जोर

पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय में मनाया गया आईआरएएस दिवस, वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता पर दिया जोर

प्रेषित समय :18:33:46 PM / Sat, Nov 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय के मनन सभागार में शनिवार को भारतीय रेल लेखा सेवा (आईआरएएस) दिवस समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ पश्चिम मध्य रेलवे के प्रमुख वित्त सलाहकार सुधीर कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया. समारोह में उत्तर मध्य रेलवे, जयपुर के सेवानिवृत्त वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखाधिकारी परिमल कासलीवाल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे.

रेलवे की आर्थिक मजबूती में लेखा विभाग की अहम भूमिका

समारोह को संबोधित करते हुए प्रमुख वित्त सलाहकार सुधीर कुमार ने कहा कि रेलवे की कार्यप्रणाली में वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और उपलब्ध संसाधनों का मितव्ययी उपयोग सुनिश्चित करने में लेखा विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने आईआरएएस संवर्ग को भारतीय रेलवे के वित्तीय प्रबंधन का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि बजट नियंत्रण, लेखा परीक्षा अनुपालन, नीतिगत निर्णयों और राजस्व वृद्धि के माध्यम से यह सेवा रेलवे के विकास में अहम योगदान दे रही है.

तकनीकी बदलावों के अनुरूप कार्यप्रणाली विकसित करने पर चर्चा

कार्यक्रम के दौरान बदलते प्रशासनिक और तकनीकी परिवेश में आईआरएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई. वक्ताओं ने वित्तीय अनुशासन बनाए रखने, सकारात्मक कार्य संस्कृति विकसित करने और उभरती तकनीकी चुनौतियों के अनुरूप कार्यप्रणाली में बदलाव लाने की आवश्यकता पर जोर दिया.

सेवारत और सेवानिवृत्त अधिकारियों ने लिया हिस्सा

समारोह में पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय और विभिन्न मंडलों में कार्यरत तथा सेवानिवृत्त आईआरएएस अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की. इस दौरान अधिकारियों ने रेलवे की निरंतर प्रगति, वित्तीय सुदृढ़ता और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई.

कार्यक्रम में मनोज जैन, हरकेश मीणा, अभिराम खरे, रजनीकांत साहू, नम्रता कैरा और अब्दुल मतीन खान सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-