मध्य प्रदेश में 34 शिक्षकों की पदोन्नति पर फंसा पेंच, नियमों को चुनौती देने हाई कोर्ट पहुंचे

मध्य प्रदेश में 34 शिक्षकों की पदोन्नति पर फंसा पेंच, नियमों को चुनौती देने हाई कोर्ट पहुंचे

प्रेषित समय :17:25:01 PM / Sat, Nov 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

इंदौर। मध्य प्रदेश में वर्षों से शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे शिक्षकों की पदोन्नति का मामला हाई कोर्ट पहुंच गया है। पदोन्नति में बाधा बन रहे भर्ती नियमों को चुनौती देते हुए 34 शिक्षकों ने याचिका दायर की है। याचिकाकर्ताओं ने संबंधित नियमों में बदलाव करने और पात्रता के बावजूद लंबित पदोन्नति देने की मांग की है। मामले की प्रारंभिक सुनवाई के बाद हाई कोर्ट ने राज्य शासन को नोटिस जारी कर छह सप्ताह में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

पुराने भर्ती नियमों के कारण पैदा हुई विसंगति

अभिभाषक अविनाश कुमार खरे के अनुसार, शिक्षा विभाग ने वर्ष 1982 के शिक्षक भर्ती नियमों के तहत 1986 से 2000 के बीच शिक्षकों की नियुक्तियां की थीं। उस समय लेक्चरर, हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाध्यापक और माध्यमिक स्कूल के प्रधानाध्यापक पदों के लिए समान पात्रता निर्धारित थी।

इसी व्यवस्था के तहत कई शिक्षकों को माध्यमिक स्कूलों में प्रधानाध्यापक नियुक्त किया गया था। इनमें से कई शिक्षक आगे चलकर पदोन्नति के जरिए उच्च पदों तक पहुंचे, लेकिन बाद में भर्ती और पदोन्नति नियमों में बदलाव होने से उनके करियर की आगे की राह प्रभावित हो गई।

2007 और 2013 के बदलावों से अटकी पदोन्नति

शिक्षकों के अनुसार, वर्ष 2007 और 2013 में भर्ती एवं पदोन्नति नीति में किए गए बदलावों के बाद उनकी पदोन्नति प्रभावित हुई। उनका कहना है कि निर्धारित योग्यता होने के बावजूद उन्हें उच्च पदों पर पदोन्नति का अवसर नहीं मिल रहा है, जबकि बाद में भर्ती हुए शिक्षक पदोन्नत हो चुके हैं।

इसी विसंगति को लेकर 34 शिक्षकों ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। याचिका में पदोन्नति के रास्ते में बाधा बन रहे नियम को समाप्त करने और उन्हें उचित पदोन्नति का लाभ देने की मांग की गई है। अब मामले में शासन के जवाब के बाद आगे की सुनवाई होगी।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-