भोपाल. भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब चौथी बार अपने नाम कर लिया. शनिवार को भोपाल के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 3-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. भारत की जीत में दीपिका ने अहम भूमिका निभाते हुए दो गोल किए, जबकि इशिका ने एक गोल दागा.
इस जीत के साथ भारतीय टीम टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीम बन गई है. इससे पहले भारत और दक्षिण कोरिया तीन-तीन बार चैंपियन रहे थे, लेकिन चौथी ट्रॉफी जीतकर भारत ने रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
भारत ने चौथी बार जीता खिताब
भारतीय महिला टीम इससे पहले 2016, 2023 और 2024 में महिला हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत चुकी थी. अब चौथी बार ट्रॉफी जीतकर टीम ने प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम कर दिया है.
चीन ने पहले बनाई बढ़त, भारत ने की शानदार वापसी
फाइनल मुकाबले में चीन ने शुरुआत में बढ़त हासिल की. चेन युजुन ने 24 मिनट 55 सेकेंड में गोल कर चीन को 1-0 से आगे कर दिया. भारतीय टीम को बराबरी के लिए तीसरे क्वार्टर तक इंतजार करना पड़ा.
दीपिका ने 37 मिनट 50 सेकेंड में गोल दागकर भारत को 1-1 की बराबरी दिलाई. इसके बाद भारतीय टीम ने तेजी से मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली.
सवा तीन मिनट में भारत ने दागे दो गोल
दीपिका के गोल के करीब सवा तीन मिनट बाद इशिका ने 41 मिनट 15 सेकेंड में गोल करके भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी. इसके ठीक 1 मिनट 10 सेकेंड बाद दीपिका ने 42 मिनट 25 सेकेंड में अपना दूसरा गोल दागा और स्कोर 3-1 कर दिया.
लगातार दो गोल के बाद भारतीय टीम ने मुकाबले में अपनी बढ़त मजबूत कर ली और चीन को पीछे छोड़ते हुए खिताब पर कब्जा जमा लिया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

