एमपी के रायसेन में भीषण सड़क हादसा : दो यात्री बसों की सीधी टक्कर, 5 की मौत, 20 से अधिक घायल

एमपी के रायसेन में भीषण सड़क हादसा : दो यात्री बसों की सीधी टक्कर, 5 की मौत, 20 से अधिक घायल

प्रेषित समय :13:22:26 PM / Fri, Jun 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायसेन. एमपी के रायसेन-भोपाल मार्ग पर शुक्रवार 5 जून की सुबह बिलखिरिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए. हादसा दो यात्री बसों की आमने-सामने टक्कर के बाद हुआ, जिसमें एक बस अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई.

जानकारी के अनुसार एक बस रायसेन से भोपाल की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बस भोपाल से सागर जिले के केसली की तरफ जा रही थी. सुबह करीब 11:30 बजे बिलखिरिया के पास दोनों बसों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह अनियंत्रित होकर पुलिया में घुस गई.

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जबकि कुछ को गंभीर चोटें आईं. सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और घायलों को निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए. प्रशासन की निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य जारी है. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-