झारखंड की महिला द्वारा रची गई साजिश में फंसे जबलपुर के युवक, देवघर की कांवड़ यात्रा में रुद्राक्ष खरीदते वक्त हुई थी मुलाकात

झारखंड की महिला द्वारा रची गई साजिश में फंसे जबलपुर के युवक, देवघर की कांवड़ यात्रा में रुद्राक्ष खरीदते वक्त हुई थी मुलाकात

प्रेषित समय :16:37:06 PM / Sun, Oct 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में पनागर में रहने वाला युवक विश्वजीत झारखंड की महिला द्वारा रची गई साजिश का शिकार हो गया. अगस्त 2026 में विश्वजीत और उनके ममेरे भाई रितेश कुमार भकत झारखंड के देवघर स्थित बाबा धाम कांवड़ यात्रा पर गए थे. यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात एक महिला से हुई जो रुद्राक्ष बेच रही थी. धार्मिक भावना और आस्था से जुड़े इस काम के चलते विश्वजीत ने 200 रुपये में एक नग रुद्राक्ष खरीद लिया. इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई. इसके बाद महिला व उसके कथित पति ने ठगी का जाल बिछाकर विश्वजीत के साथ दो लाख रुपए से ज्यादा की ठगी कर ली.

बताया गया है कि झारखंड से लौटने के लगभग एक महीने बाद सितंबर में विश्वजीत के पास एक अनजान नंबर से कॉल आया. फोन करने वाले ने खुद को रुद्राक्ष बेचने वाली महिला का पति बंटी बताया और पुराने जमाने के सोने के सिक्के कम दाम में बेचने का लालच दिया. विश्वास जमाने के लिए बंटी ने व्हाट्सएप पर सोने के छोटे सिक्के की फोटो भेजी और आगे की बातचीत जारी रखी. कुछ दिनों बाद बंटी ने विश्वजीत और रितेश को जबलपुर के पास बुढ़ागर बुलाया. वहां बंटी के साथ एक महिला, एक लड़का और एक वृद्ध व्यक्ति मौजूद थे. बंटी ने उन्हें एक सोने का सिक्का दिखाया. जब विश्वजीत ने सुनार से उसकी जांच कराई, तो सिक्का असली निकला और उसका वजन 1.18 ग्राम पाया गया. एक असली सिक्का थमाकर ठगों ने पीडि़तों का पूरा भरोसा जीत लिया.

सोने के सिक्के देने का कहकर लूट लिए रुपए-

असली सिक्के के भरोसे में आए विश्वजीत और रितेश ने 50-60 और सिक्के सस्ते में पाने के लिए 2 लाख 10 हजार रुपये का इंतजाम किया. दोनों ने आपस में आधा-आधा पैसा मिलाकर 24 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 7 बजे जबलपुर पहुंचे. शाम को करीब 4 बजे बंटी ने उन्हें पनागर के कुशनेर अंडर ब्रिज बाइपास के पास बुलाया. आटो से पहुंचने पर बंटी अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां मिला. जब विश्वजीत ने बिना जांच किए पैसे देने से मना किया और सिक्के दिखाने को कहा, तो शक गहरा गया. इसी बीच, जैसे ही रितेश ने पैसे से भरा बैग खोला, बंटी और उसके साथियों ने जबरन 2.10 लाख रुपये नकद, एक रेडमी कंपनी का मोबाइल और पहनने के कपड़ों से भरा बैग छीन लिया. बिना कोई सिक्का दिए आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए. पीडि़त की शिकायत पर थाना पनागर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस आगे की विवेचना कर रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-